टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दुनिया में प्रेम का रिश्ता विश्वास की नीव पर टीकाम होता है. यह एक ऐसा रिश्ता है जहां लड़की, एक लड़के पर इतना भरोसा करने लगती है की वो उसके साथ साथ जीने मरने तक के सपने देखने लगती है. पर क्या आपने कभी ये सोचा है की जिस लड़के के साथ एक लड़के साथ जीने मरने की कसमें खाती है, वहीं उसकी जान का दुश्मन बन जाए और सिर्फ उसकी जान का ही नहीं बल्कि उसके बच्चे का भी दुश्मन बन जाए, तो क्या होगा.
ऐसा ही एक मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के कानपुर से जहां चुन्नीगंज क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने एक युवक पर प्रेम संबंध के दौरान अपनी पहचान छिपाने, शादी का झांसा देने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और मारपीट के कारण गर्भपात होने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपों की जांच जारी है.
पीड़िता के अनुसार करीब दो साल पहले उसकी दोस्ती अभिषेक सिंह नाम के युवक से हुई थी. बातचीत और मुलाकातों के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उससे शादी करने का वादा किया. युवती का कहना है कि शादी के भरोसे पर उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हुई और विवाह की बात की, तब युवक ने कथित तौर पर अपनी असली पहचान उजागर की. उसने अपना नाम अभिषेक क्लॉडियस उर्फ रोनी बताते हुए कहा कि वह ईसाई समुदाय से है और शादी के लिए युवती को धर्म परिवर्तन करना होगा.
युवती का आरोप है कि उसने धर्म बदलने से साफ इनकार कर दिया क्योंकि वह हिंदू ब्राह्मण परिवार से है. इसके बाद संबंधों में तनाव बढ़ गया. पीड़िता का कहना है कि इसी बात को लेकर आरोपी और उसके परिवार के सदस्य उससे नाराज रहने लगे. उसने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और पेट में लात मारी गई, जिसके कारण उसका गर्भपात हो गया. साथ ही आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
युवती ने यह भी बताया कि उसने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन वहां समझौते के नाम पर उसे वापस भेज दिया गया. उसका कहना है कि आरोपी बार-बार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन हर बार धर्म परिवर्तन की शर्त दोहराता था. अब जब उसने सख्ती से विरोध किया, तो स्थिति और बिगड़ गई.
शिकायत में युवती ने आरोपी के साथ उसके पिता, माता, भाई और बहन को भी नामजद किया है. उसने आरोप लगाया कि जब मुख्य आरोपी घर पर नहीं होता था, तब परिवार के कुछ सदस्य उसके साथ अभद्र व्यवहार करते थे और उसे कमरे में बंद कर परेशान किया जाता था. पीड़िता ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और खुद के लिए सुरक्षा की मांग की है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी अभिषेक क्लॉडियस उर्फ रोनी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपों की जांच की जा रही है. गिरफ्तारी के दौरान एक दृश्य चर्चा में रहा, जब आरोपी को थाने लाते समय एक पुलिसकर्मी उसके कंधे पर हाथ रखे नजर आया. इसे लेकर युवती ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया और थाने में नाराजगी जताई.
मामले पर एसीपी अमित चौरसिया ने कहा कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है और युवती की सुरक्षा को भी ध्यान में रखा जा रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


