सिविल जज के आवास में दिनदहाड़े लूट, पत्नी और बेटी की पिटाई कर नगदी और गहने लूट फरार हुए अपराधी

    सिविल जज के आवास में दिनदहाड़े  लूट, पत्नी और बेटी की पिटाई कर नगदी और गहने लूट फरार हुए अपराधी

    रोहतास (ROHTAS) : रोहतास जिला के बिक्रमगंज अनुमंडल न्यायालय के सिविल जज महेश्वर नाथ पांडे के आवास पर दिनदहाड़े तीन की संख्या में आए अपराधियों ने लूटपाट की और चलते बने. बताया जाता है कि बिक्रमगंज कोर्ट में पदस्थापित प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी महेश्वर नाथ पांडे जब कोर्ट चले गए थे, उसी दौरान तीन की संख्या में अपराधी उनके दरवाजे पर पहुंचे और जज को खोजने लगे. जब जज की पत्नी गुंजा देवी ने बताया कि जज साहब कोर्ट गए हैं, तो उसके बाद पानी पीने की मांग की. जैसे ही जज के घर की नौकरानी पानी लाने अंदर गई, तब तक तीनों अपराधी पत्नी को बंधक बनाकर मारपीट करने लगे. इसके बाद अलमारी में रखे 50 हज़ार के अलावे उनकी पत्नी के सभी आभूषण खुलवा लिए. साथ ही 5 साल की बेटी लाडो के साथ भी मारपीट की.  सिविल जज महेश्वर पांडे ने बताया कि 50 हज़ार नगदी के अलावे लगभग 2 लाख के आभूषण की लूटपाट हुई है. उनकी पत्नी और बच्चे के साथ मारपीट भी की गई हैं.

    न्यायिक अधिकारियों ने की सुरक्षा की डिमांड

    बता दें कि जिस समय अपराधियों ने धावा बोला, उस समय घर में जज की पत्नी और बेटी के अलावे एक नौकरानी थी. दिनदहाड़े तीनों को कब्जे में लेकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया. अपराधियों के जाते ही जज की पत्नी ने फोन कर जब वारदात के बारे में बताई तो हड़कंप मच गया. मौके पर बिक्रमगंज थाना की पुलिस के अलावा अन्य अधिकारी पहुंचे. साथ ही कई न्यायिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. दिनदहाड़े हुए वारदात में तमाम सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है. बता दें कि जज लोगों के रहने के लिए आवास एकांत इलाके में है. जहां पहले भी आसपास अपराधियों को भटकते देखा गया था. न्यायिक अधिकारियों ने कई बार इसके लिए सुरक्षा की डिमांड भी की थी.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news