टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कश्मीर में पाकिस्तान द्वारा आतंकी गतिविधियां किसी से छिपी हुई नहीं है. इसी से जुड़ा एक और खुलासा हुआ है. पूर्वोत्तर सैन्य कमांडर ले. जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमसिंह नगर में मीडिया से बातचीत करते हुए पाकिस्तान द्वारा संचालित आतंकी कैम्पों और गतिविधियों का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में कश्मीर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान द्वारा कश्मीर में 6 बड़े और 29 छोटे आतंकी कैम्प चलाए जा रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना की मदद से कई लॉन्च पैड भी कश्मीर में बनाए गए हैं. सेना के अनुसार, पिछले 11 से 12 महीनों में आतंकी हमलों के कारण घाटी में मरने वालों की संख्या में काफी गिरावट आई है. इसका एक कारण ये भी है कि इस दौरान कुछ एक घटनाओं को छोड़ दिया जाए, तो भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के बीच सीज फायर शांतिपूर्ण ढंग से कायम है.
सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को किया ढेर
वहीं दक्षिण कश्मीर में आज सेना के एक ऑपरेशन में हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर अशरफ मौलवी मारा गया है. इस आतंकी के मारे जाने से आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की ये बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. इस ऑपरेशन में आतंकी कमांडर के साथ उसके दो और साथी भी मारे गए हैं.


