झारखंड की राजनीति में इन दिनों MMDR Amendment Bill 2026 सबसे बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. संसद से खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक पारित होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. JMM का आरोप है कि नए प्रावधानों से खनिज संपदा वाले राज्यों के अधिकार और राजस्व पर असर पड़ सकता है. वहीं BJP का कहना है कि JMM इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहा है और संशोधन से राज्यों का खनन राजस्व खत्म नहीं होगा.

MMDR Bill आखिर है क्या
MMDR यानी Mines and Minerals (Development and Regulation) कानून देश में खनिजों की खोज, खनन और नियमन से जुड़ा प्रमुख कानून है. 2026 के संशोधन को लेकर विवाद का सबसे बड़ा मुद्दा राज्यों की खनिजों से जुड़ी वित्तीय शक्तियां और खनिज वाली जमीन पर लगाए जाने वाले शुल्क और सेस हैं. झारखंड सरकार का कहना है कि राज्य की अर्थव्यवस्था में खनिज राजस्व की बड़ी भूमिका है और ऐसे किसी भी बदलाव का सीधा असर राज्य की वित्तीय स्थिति पर पड़ सकता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी इस मामले में पुनर्विचार की अपील की है.
झारखंड को सबसे बड़ी चिंता
झारखंड देश के सबसे महत्वपूर्ण खनिज उत्पादक राज्यों में शामिल है. कोयला, लौह अयस्क और दूसरे खनिज राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाते हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र को लिखे पत्र में Mineral Bearing Land Cess से करीब ₹7,110 करोड़ सालाना संभावित राजस्व का उल्लेख किया था. राज्य सरकार को आशंका है कि नए कानून के कारण ऐसे राजस्व स्रोतों पर असर पड़ सकता है.यही कारण है कि JMM इस मुद्दे को केवल खनन नीति के रूप में नहीं देख रहा है. पार्टी इसे झारखंड के आर्थिक अधिकार, संघीय ढांचे और जल-जंगल-जमीन से जोड़ रही है.

आज JMM की बैठक में क्या हुआ
MMDR Bill के खिलाफ आगे की रणनीति तय करने के लिए 20 अगस्त को रांची में JMM की केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई गई. बैठक का मुख्य एजेंडा केंद्र सरकार के संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन को किस तरह आगे बढ़ाया जाए, इस पर रणनीति बनाना था. JMM अब इस मुद्दे को पार्टी संगठन के साथ-साथ आम जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है. पार्टी की योजना है कि खनिज बहुल इलाकों में लोगों को विधेयक के संभावित प्रभावों के बारे में बताया जाए और इसे राज्य के अधिकारों से जोड़ा जाए.यानी आज की बैठक का संदेश साफ है MMDR Bill पर विरोध अब केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे संगठन और जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी है.
हेमंत सोरेन की सबसे बड़ी राजनीतिक लाइन क्या है
हेमंत सोरेन लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर खनिज झारखंड का है और जमीन झारखंड की है तो राज्य के खनिज अधिकारों से जुड़े फैसलों में राज्य की भूमिका क्यों कमजोर की जाए.हेमंत सोरेन की सार्वजनिक प्रतिक्रिया में यह लाइन सामने आई है. “खनिज झारखंड का, जमीन झारखंड की, तो हमारे हक-अधिकार का फैसला दिल्ली क्यों करेगी?” उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा जिसे पूरा देश देखेगा.यही लाइन अब JMM के आंदोलन का राजनीतिक आधार बनती दिख रही है.
JMM की रणनीति क्या होगी
JMM इस आंदोलन को तीन स्तरों पर आगे बढ़ा सकता है.
पहला- संगठन
पार्टी के सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के नेताओं को आंदोलन में सक्रिय किया जाएगा.
दूसरा- जनजागरण.
खनिज बहुल जिलों और गांवों में जाकर लोगों को बताया जाएगा कि पार्टी के मुताबिक MMDR Amendment Bill से राज्य के राजस्व और कल्याणकारी योजनाओं पर क्या संभावित असर पड़ सकता है.
तीसरा- बड़ा राजनीतिक आंदोलन.
JMM पहले ही राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा कर चुका है. पार्टी नेताओं की तरफ से जरूरत पड़ने पर आर्थिक नाकेबंदी जैसे कठोर कदमों की चेतावनी भी दी गई है.
कोल्हान से शुरू होगा बड़ा अभियान

JMM ने खनिज बहुल कोल्हान क्षेत्र में बड़े जनजागरण अभियान की तैयारी की है. पार्टी गांवों और कस्बों तक पहुंचकर इस मुद्दे को उठाने की योजना बना रही है. JMM अपने अभियान में मंईयां सम्मान योजना, छात्रवृत्ति, महिलाओं और बुजुर्गों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को भी मुद्दे से जोड़ने की तैयारी में है. पार्टी का तर्क है कि अगर खनिज राजस्व प्रभावित हुआ तो राज्य की सामाजिक कल्याण योजनाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है. इससे साफ है कि JMM MMDR Bill को केवल खनन क्षेत्र का मुद्दा बनाकर नहीं छोड़ना चाहता. पार्टी इसे सीधे आम परिवार की आर्थिक चिंता से जोड़ना चाहती है.
BJP का जवाब , संशोधन सभी राज्यो पर लागू
दूसरी तरफ BJP ने JMM के आरोपों को खारिज किया है. झारखंड BJP का कहना है कि संशोधन सभी राज्यों पर लागू होता है और इसका उद्देश्य खनन क्षेत्र की बदलती जरूरतों को पूरा करना है. BJP का आरोप है कि राज्य सरकार MMDR Bill को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है. विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी सरकार के अभियान को राजनीतिक ड्रामा बताया और कहा कि संशोधन से राज्यों का खनन राजस्व खत्म नहीं होगा. यानी अब लड़ाई सिर्फ बिल के प्रावधानों पर नहीं है. JMM कह रहा है कि यह झारखंड के अधिकार और राजस्व की लड़ाई है, जबकि BJP इसे सरकार की राजनीतिक रणनीति बता रही है.

BJP भी बना रही है जवाबी रणनीति
19 अगस्त को झारखंड BJP के प्रमुख नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस बैठक में MMDR Bill और JMM के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई. इससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में MMDR Bill झारखंड में JMM बनाम BJP के बड़े राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन सकता है.
क्या विधानसभा का विशेष सत्र भी हो सकता है ?
MMDR Bill के विरोध में झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग भी JMM कोटे के मंत्री दीपक बिरुआ की तरफ से उठाई जा चुकी है. उनका तर्क है कि राज्य के खनिज संसाधनों और राजस्व से जुड़े सवाल पर विधानसभा में व्यापक चर्चा होनी चाहिए. अगर सरकार इस दिशा में आगे बढ़ती है तो MMDR Bill का मुद्दा सड़क से विधानसभा तक पहुंच जाएगा.
असली सवाल क्या है
MMDR Bill पर झारखंड की लड़ाई को तीन सवालों से समझा जा सकता है.
पहला सवाल- खनिज से मिलने वाले राजस्व पर कितना अधिकार राज्य का रहेगा.
दूसरा सवाल- खनिज वाली जमीन और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े फैसलों में राज्य की भूमिका कितनी होगी.
तीसरा सवाल- क्या JMM इस मुद्दे को एक बड़े जनआंदोलन में बदल पाएगा.
इन तीनों सवालों के जवाब आने वाले दिनों की राजनीति तय कर सकते हैं.
अब JMM के सामने सबसे बड़ी चुनौती
JMM के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वह MMDR Bill को केवल राजनीतिक बयान का मुद्दा न रहने दे. पार्टी को जनता के सामने बिल के ऐसे ठोस प्रावधान रखने होंगे जिनसे वह यह साबित कर सके कि झारखंड के राजस्व और अधिकार पर वास्तविक असर पड़ सकता है. दूसरी तरफ BJP के सामने चुनौती है कि वह गांव और खनिज बहुल क्षेत्रों में लोगों को यह समझाए कि संशोधन से राज्य को वास्तविक नुकसान नहीं होगा.
यानी आने वाले दिनों में दोनों दलों की लड़ाई तथ्यों, राजस्व और जनता के बीच नैरेटिव पर होगी.
MMDR Amendment Bill ने झारखंड की राजनीति को एक बार फिर जल-जंगल-जमीन और राज्य के अधिकार के पुराने राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला दिया है. आज की JMM बैठक के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि पार्टी अब इस मुद्दे को लंबी राजनीतिक लड़ाई बनाने की तैयारी में है. हेमंत सोरेन इसे झारखंड के हक और अधिकार से जोड़ रहे हैं, जबकि BJP इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगा रही है.अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि MMDR Bill लागू होगा या नहीं. बड़ा सवाल यह है कि इसके खिलाफ JMM का आंदोलन कितना बड़ा होगा और क्या यह आंदोलन झारखंड की राजनीति में एक नया राजनीतिक ध्रुवीकरण पैदा करेगा. और सबसे बड़ा सवाल की खनिज झारखंड का है तो उसके राजस्व और अधिकार का अंतिम फैसला कौन करेगा, रांची या दिल्ली?

