परिसीमन के बाद बिहार में क्या होगा असर? किस पार्टी को मिल सकता है सियासी लाभ तो किसका होगा नुकसान

देश भर में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक हंगामा मचा हुआ है. सभी दल अपने हिसाब से प्रतिक्रिया दे रही है. एक तरफ एनडीए इसे आमजन और महिलाओं के हित वाला विधेयक बता रहा है तो दूसरी तरफ विपक्ष इसे भाजपा की हमेशा सत्ता में रहने की साजिश. विपक्षी नेताओं का कहना है कि इससे भाजपा सीटों का बंटवारा इस तरह करेगी कि उसे सिर्फ फायदा हो
परिसीमन के बाद बिहार में क्या होगा असर? किस पार्टी को मिल सकता है सियासी लाभ तो किसका होगा नुकसान

TNP Desk: देश भर में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक हंगामा मचा हुआ है. एक तरफ सरकार परिसीमन विधेयक के साथ ही महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने और महिलाओं को लोकसभा और राज्यों के विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का दावा कर रही है तो दूसरी तरफ विपक्ष परिसीमन का विरोध कर रही है. केंद्र सरकार ने परिसीमन विधेयक को पेश करने के लिए 30 नवंबर को लोकसभा में और 2 दिसंबर को राज्यसभा में चर्चा की जाएगी. दोनों सदन में एनडीए के पास कम वोट होने के बावजूद माना जा रहा है कि क्रॉस वोटिंग के जरिए परिसीमन विधेयक पास हो सकता है. अगर संसद में परिसीमन विधेयक पास हो जाता है तो इसका बिहार पर क्या असर होगा और किस राजनीतिक पार्टी को फायदा या नुकसान हो सकता है.

कैसा होगा आरक्षण का ढांचा

परिसीमन विधेयक पास होने के बाद बिहार में लोकसभा की सीटें 40 से बढ़ कर 60 हो जाएंगी, जिसमें से 20 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. हालांकि कौन सी 20 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी अभी यह साफ नहीं किया जायेगा. सीटों का आरक्षण 15 वर्षों के लिए होंगे और इनका बाद में होने वाले परिसीमन के आधार पर रोटेशन होगा. आरक्षण का ढांचा ऐसा होगा कि जिसमें एससी और एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में एक तिहाई आरक्षित होंगी.

कैसे बढ़ेंगी 20 सीटें

परिसीमन विधेयक पास होने की स्थिति में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर बिहार में किन सीटों का बंटवारा किया जाएगा. इस सवाल के जवाब में अनुमान लगाया जा रहा है कि बिहार की 10 सीटों को तीन भाग में बांटा जाएगा और 20 नए सीट बनाए जाएंगे जबकि 30 अन्य सीटों को जस की तस रखी जाएगी. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सुझाव के अनुसार देश की 543 सीटों में से सिर्फ 111 सीटों को 3 हिस्से में बांटा जाएगा जबकि अन्य 374 सीटों में कोई बदलाव नहीं किया जायेगा. इसके अनुसार ड्राफ्ट में कहा गया है कि बिहार की 10 सीटें पटना साहिब, पाटलिपुत्र, दरभंगा, सारण, बेगूसराय, आरा, मधुबनी, झंझारपुर, खगड़िया और मुंगेर की सीटों को तीन हिस्से में बांटा जाएगा.

किस आधार पर होगा सीटों का बंटवारा

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के रिपोर्ट के अनुसार इन दस लोकसभा क्षेत्रों में बंटवारे से लोगों की सहूलियत बढ़ेगी और वोटिंग प्रतिशत में भी वृद्धि आएगी. परिषद के अनुसार पटना साहिब, बेगूसराय और मुंगेर लोकसभा क्षेत्रों में शहरी आबादी अधिक होने के साथ ही ग्रामीण इलाके भी हैं. जब उन्हें तीन हिस्सों में बांटा जाएगा तो शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी सहूलियत के अनुसार मतदान कर सकेंगे. वहीं दरभंगा, मधुबनी, झंझारपुर और खगड़िया भौगोलिक रूप से बड़ी सीटें हैं. और इस वजह से जनप्रतिनिधि हर क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाते हैं.

परिसीमन के बाद बिहार में किस राजनीतिक दल को फायदा होगा और किसे नुकसान यह सीधे तौर पर नहीं कहा जा सकता है लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि इन सीटों पर भाजपा को राजद से कड़ी टक्कर मिलती है जिसे तोड़ने की कोशिश की जा सकती है. आइए देखते हैं लोकसभा क्षेत्र के आधार पर किसे हो सकता है फायदा

पटना साहिब

पटना साहिब लोकसभा सीट पर 30 प्रतिशत से अधिक वोट सवर्ण समुदाय का है. इस सीट पर करीब 4 लाख कायस्थ, साढ़े तीन लाख भुमिहार - राजपूत और ब्राह्मण वोट है. वहीं अन्य सामान्य जाति के भी लगभग 3 वोट हैं जिसका अधिकतम फायदा भाजपा को मिलता है. पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के 6 विधानसभा क्षेत्रों में से दो फतुहा और बख्तियारपुर में राजद का समर्थन अधिक है. वहीं बाकीपुर, कुम्हरार और दीघा विधानसभा सीट पूरी तरह शहरी क्षेत्र है जहां सवर्ण और मध्यम वर्गीय वैश्य वोटरों की बहुलता है. माना जाता है कि सवर्ण वोटरों की बहुलता भाजपा के लिए फायदेमंद है, ऐसे में भाजपा विपक्ष के वोट आधार को बांटने की कोशिश कर सकती है जिसका खामियाजा विपक्ष को उठाना पड़ सकता है.

पाटलिपुत्र

पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण इलाके बराबर हैं. इस सीट को यादव बहुल माना जाता है जबकि दूसरे नंबर पर भूमिहार तथा उसके बाद कुर्मी - कुशवाहा वोट है. इस क्षेत्र में मुस्लिम की संख्या भी अच्छी खासी है और यही वजह है कि यहां भाजपा और राजद के बीच कांटे का टक्कर होता है. हालांकि पाटलिपुत्र लोकसभा सीट के गठन के बाद से अब तक NDA ने इस सीट पर तीन बार विजय हासिल की है जबकि राजद ने एक बार. इस सीट से अगर यादव क्षेत्र को हटा दिया जाए तो फिर यहां भाजपा को काफी फायदा हो सकता है .

बेगूसराय

बेगूसराय लोकसभा सीट पर सबसे अधिक सवर्ण समुदाय (खास कर भूमिहार) है जबकि दूसरे नंबर पर 12 प्रतिशत मुस्लिम समुदाय है. वहीं निर्णायक भूमिका में कुर्मी कुशवाहा का वोट होता है. इस सीट पर एनडीए को लेफ्ट तथा राजद टक्कर देती है. इसके साथ ही करीब डेढ़ लाख मतदाता यादव समुदाय से भी हैं जो सीधे राजद को समर्थन देते हैं. हालांकि बेगूसराय में एनडीए के साथ ही लेफ्ट की पकड़ अधिक है. बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में अगर मुस्लिम वोट को बांट दिया जाए तो यहां समीकरण विपक्ष के विरुद्ध बन सकता है.

मुंगेर

मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभाव भूमिहार (20%) का है जबकि दूसरे नंबर पर यादवों की संख्या (11-12%) है. वहीं धानुक और कुर्मी जातियां भी करीब 15 प्रतिशत के आसपास है. मुंगेर में भूमिहार और लव-कुश समीकरण एनडीए के लिए हमेशा फायदेमंद रहता है. यह संसदीय क्षेत्र एक से अधिक जिलों में है, ऐसे में अगर इसका बंटवारा किया जाता है तो भूमिहार और इबीसी समीकरण निर्णायक रहेगा साथ ही उन्हें बराबर प्रतिनिधित्व भी मिलेगा.

दरभंगा

दरभंगा लोकसभा क्षेत्र में मुस्लिम वोटरों की संख्या सर्वाधिक है. हालांकि बावजूद इसके पिछले कई बार से भाजपा चुनाव जीत रही है. इस क्षेत्र में मुस्लिम आबादी के बाद दूसरे स्थान पर मैथिल ब्राह्मणों की है जिसके साथ ही अति पिछड़ी जातियां भाजपा को लीड दिला देती है. वहीं मुस्लिम यादव आबादी की वजह से दरभंगा लोकसभा सीट राजद के लिए भी बड़ी सीट है और यही वजह है कि यह सीट टक्कर वाली सीट है. माना जाता है कि अगर भाजपा इस सीट पर कब्जा करना चाहे तो उसे दरभंगा ग्रामीण और अलीनगर विधानसभा को अलग करना होगा.

सारण

सारण लोकसभा क्षेत्र में राजपूत और यादव वोटों की बहुलता है. यह सीट लालू परिवार के लिए काफी अहम माना जाता था लेकिन 2008 में परिसीमन के बाद यह भाजपा के खाते में चली गई है. इसके बाद इस सीट पर लालू यादव सिर्फ एक बार जीत सके हैं. इस सीट पर सबसे अधिक आबादी यादवों की 20 प्रतिशत है जबकि राजपूत की 18 प्रतिशत लेकिन वैश्य समाज के गठजोड़ की वजह से भाजपा जीत दर्ज करती है. माना जा रहा है कि नए परिसीमन में सरकार सारण के दियारा इलाके को अलग कर यादव वोट बांटने की कोशिश कर सकती है.

आरा

आरा लोकसभा सीट पर राजद भाजपा को हमेशा कड़ी टक्कर देती है. इस सीट पर सवर्ण वोटर की संख्या करीब 8 लाख के आसपास है जिसमें राजपूत सबसे अधिक 4 लाख हैं. वहीं पिछड़ी जातियों की बात करें तो करीब साढ़े तीन लाख वोटर यादव समुदाय के हैं जबकि डेढ़ लाख मुस्लिम आबादी है. यही वजह है कि मुस्लिम यादव समीकरण की वजह से राजद टक्कर में रहती है लेकिन माले के सबसे अधिक एक्टिव रहने की वजह से फायदा उसे भी मिलता है. माना जा रहा है कि परिसीमन में तरारी, अगियांव आहे संदेश विधानसभा को अगर बांट दिया जाए तो महागठबंधन और माले का प्रभाव कम हो सकता है.

मधुबनी

मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक आबादी मुस्लिम मतदाताओं की है. कहा जाता है कि यहां हर चार में से एक वोटर मुस्लिम है. वहीं दूसरे स्थान पर मैथिल ब्राह्मण 12 प्रतिशत हैं और फिर 9 प्रतिशत यादव मतदाता हैं. यहां भाजपा अक्सर यादव समाज से ही अपना उम्मीदवार उतारता है जिसकी वजह से इस समुदाय का वोट बंट जाता है. वहीं अन्य इबीसी जातियों का वोट निर्णायक होता है. माना जाता है कि मधुबनी में बेनीपट्टी और हरलाखी में एनडीए हमेशा लीड करता है जबकि मुस्लिम बहुल में बिस्फी और जाले विधानसभा भाजपा के विरोध में जाता है.

परिसीमन वाले लोकसभा क्षेत्रों के समीकरण के अनुसार कमोबेश हर जगह भाजपा का पहले से दबदबा है वहीं कुछ जगहों पर महागठबंधन टक्कर में जरूर है. माना जाता है कि ऐसी सीटों पर महागठबंधन के समर्थन वाले वोटों को अगर बांट दिया जाए तो फिर भाजपा को फायदा मिल सकता है लेकिन अगर यह वोट एकसाथ आ जाए तो फिर वहां राजद या महागठबंधन के अन्य घटक दलों को भी फायदा मिल सकता है.