निशांत के डिप्टी सीएम बनने के लिए जदयू भाजपा में सहमति, फिर कहां फंसा है पेंच?

बिहार की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा शुरू हो गई है. निशांत को डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर जदयू और भाजपा में सहमति भी है बावजूद इसके कुछ पेंच है.

निशांत के डिप्टी सीएम बनने के लिए जदयू भाजपा में सहमति, फिर कहां फंसा है पेंच?

पटना: बिहार की राजनीति में हमेशा ही किसी न किसी मुद्दे को लेकर सरगर्मी बरकरार रहती है. विधान परिषद चुनाव और जदयू के दो नेताओं के बीच कहासुनी के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत के उप मुख्यमंत्री बनने की बात पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि निशांत के डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर जदयू से भाजपा तक एक सुर में सहमति है बावजूद इसके अब तक वह सिर्फ मंत्री के रूप में ही भागीदार हैं. अब चर्चा की जा रही है कि बहुत जल्द ही सम्राट मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा तथा निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा.

सम्राट ने दिया संकेत

निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के साथ ही संकेत भी मिलने लगे हैं. अभी हाल ही में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने भी कहा था कि अगर दोनों भाई एक जो जाएं तो फिर कोई हमलोग का बाल भी बांका नहीं कर सकता है. उनका इशारा लव - कुश समीकरण की तरफ था. इसके साथ ही जदयू के साथ ही भाजपा का एक बड़ा धड़ा भी चाहता है कि सरकार में एक ही डिप्टी सीएम हों. अब इस मुद्दे पर अंदरखाने में चर्चा भी तेज हो गई है लेकिन आधिकारिक रूप से कोई बात सामने नहीं आई है.

नीतीश नहीं हो रहे सहमत

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए सबकी सहमति के बावजूद निर्णय लेने में देरी को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं. एक तरफ कहा जाता है कि इसके लिए अभी खुद नीतीश कुमार सहमत नहीं हैं. जानकारों की मानें तो नीतीश कुमार का कहना है कि बड़ी जिम्मेवारी संभालने से पहले निशांत राजनीति में परिपक्व हों. मंत्री के रूप में वह राजनीति और प्रशासनिक कामों को अच्छे से सीखें फिर किसी बड़े पद पर आयें. नीतीश कुमार बिना किसी हड़बड़ी के चाहते हैं कि निशांत पहले अपनी छवि खुद बनाएं. हालांकि स्वास्थ्य विभाग के मंत्री के रूप में निशांत अपनी परिपक्वता का परिचय भी दे रहे हैं.

विजय चौधरी को लेकर असमंजस

निशांत के डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर जदयू भाजपा के सामने एक सामाजिक समीकरण भी आड़े आ रहा है. फिलहाल बिहार में दो।उप मुख्यमंत्री हैं, जिसमें एक सवर्ण समाज से विजय चौधरी जबकि दूसरे ओबीसी समाज से विजेंद्र प्रसाद यादव. बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों से विजेंद्र यादव पहले ही कोई जिम्मेवारी लेने से मना कर रहे थे जबकि विजय चौधरी को लेकर असमंजस बरकरार है. भाजपा को डर है कि अगर उप मुख्यमंत्री पद से विजय चौधरी को हटाया जाता है तो सवर्ण समाज की नाराजगी बढ़ सकती है जो पहले ही प्रशांत किशोर की तरफ झुकने लगा है. इस बात का अंदाजा भाजपा को पहले ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव तथा विधान परिषद चुनाव के दौरान लग चुका है.

15 दिसंबर के पहले बनाए जा सकते हैं डिप्टी सीएम

निशांत को डिप्टी सीएम बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है लेकिन समीकरण को ध्यान में रख कर मंथन किया जा रहा है. सूत्रों की मानें तो जदयू भाजपा एक तरफ एक ही डिप्टी सीएम रखने की पैरवी करती है तो दूसरी तरफ सवर्ण समाज को साधने के लिए विजय चौधरी को भी पद से नहीं हटाने पर विचार कर रही है. पार्टी सूत्रों के अनुसार निशांत 15 दिसंबर से पहले डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं या फिर उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जा सकता है. हालांकि इस मामले में भी अभी कोई निर्णय सामने नहीं आया है. कहा जा रहा है कि भाजपा चाहती है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में सम्राट और निशांत की जोड़ी चुनाव प्रचार में उतरे और विकास के मुद्दों पर मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश करे.

स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत ने किया बेहतर

स्वास्थ्य मंत्री के रूप में काम करते हुए निशांत ने कई बेहतर काम किया है. एक तरफ वह जनोपयोगी और आमलोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने की कोशिश में लगातार जुटे हुए हैं तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य सेवाओं में हो रही गड़बड़ियों से निपटने में भी पूरी तरह से सख्ती बरत रहे हैं. निशांत अपने काम से सबसे अधिक चर्चा में तब आए थे जब वह पीएमसीएच का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे और इस दौरान अनुपस्थित रहने पर पीएमसीएच के अधीक्षक को हटा दिया था. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए भी निशांत ने सख्त लहजे में कहा था कि आम लोगों की सुविधाओं से संबंधित काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.