TNP Special : छठ महापर्व के गीतों के बिना अधूरा है उत्सव, इन गायकों की आवाज ने बनाया पर्व को खास

छठ के पारंपरिक गीतों को अपनी आवाज देने वाले शारदा सिन्हा, विंध्यवासिनी देवी से लेकर मैथिली ठाकुर तक के प्रसिद्ध गायकों और उनके लोकप्रिय गीतों की कहानी.

TNP Special : छठ महापर्व के गीतों के बिना अधूरा है उत्सव, इन गायकों की आवाज ने बनाया पर्व को खास

टीनपी डेस्क (TNP DESK): छठ महापर्व सिर्फ पूजा-पाठ और व्रत का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा एक ऐसा पर्व है, जिसका हर रंग लोगों के दिलों में बसता है. इस महापर्व की बात हो और छठ गीतों का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. छठ के गीतों के बिना यह त्योहार अधूरा लगता है. नहाय-खाय से लेकर खरना और फिर अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने तक, हर मौके पर छठ के पारंपरिक गीत सुनाई देते हैं. इन गीतों में छठी मइया के प्रति श्रद्धा, परिवार की खुशहाली की कामना और अपने गांव-घर की याद छिपी होती है. यही वजह है कि छठ गीतों की धुन सुनते ही बिहार और झारखंड से दूर दूसरे राज्यों या विदेशों में रहने वाले लोगों को भी अपने घर और गांव की याद आने लगती है. कई लोग तो इन गीतों को सुनकर छठ मनाने के लिए अपने घर लौटने की तैयारी करने लगते हैं. आज भोजपुरी, मैथिली और हिंदी के कई बड़े कलाकार छठ गीत गा रहे हैं. लेकिन कुछ ऐसे गायक और गायिकाएं हैं, जिनकी आवाज इस महापर्व की पहचान बन चुकी है.

विंध्यवासिनी देवी और शारदा सिन्हा ने छठ गीतों को दी पहचान

छठ गीतों को घर-घर तक पहुंचाने में विंध्यवासिनी देवी का बड़ा योगदान रहा है. मुजफ्फरपुर में जन्मीं विंध्यवासिनी देवी ने 1940 के दशक में ग्रामोफोन के जरिए छठ गीतों को लोगों तक पहुंचाया. उन्हें बिहार कोकिला के नाम से भी जाना जाता था. उनके प्रयासों से छठ के पारंपरिक गीतों को एक अलग पहचान मिली.

इसके बाद शारदा सिन्हा ने अपनी सुरीली आवाज से छठ गीतों को नई ऊंचाई दी. उन्हें बिहार की स्वर कोकिला कहा जाता था. उनके गाए गीत ‘पहिले-पहिल हम कईनी छठ मइया’, ‘उग हो सुरुज देव’ और ‘केलवा के पात पर’ आज भी छठ के मौके पर हर घर और घाट पर सुनाई देते हैं. शारदा सिन्हा का निधन 5 नवंबर 2024 को छठ महापर्व के दौरान हुआ था. हालांकि, वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे.

भरत शर्मा व्यास और पवन सिंह के गीतों की भी खूब धूम

छठ गीतों को लोकप्रिय बनाने में पुरुष गायकों का भी बड़ा योगदान है. भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक भरत शर्मा व्यास अपनी पारंपरिक गायिकी के लिए जाने जाते हैं. उनके गाए ‘छठी मइया आई ना दुअरिया’ और ‘सेवका के अरजिया सुन लीं’ जैसे गीत आज भी छठ के दौरान खूब सुने जाते हैं.

वहीं, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह ने भी छठ गीतों को नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाया है. उनके गीत ‘जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव’ और ‘धनि हो भाग हमार’ श्रोताओं के बीच काफी पसंद किए जाते हैं. हर साल छठ के आसपास उनके नए गीतों का इंतजार रहता है.

अनुराधा पौडवाल और पलक मुछाल ने भी छठ गीतों से जोड़े श्रोता

छठ गीतों की लोकप्रियता सिर्फ बिहार और झारखंड तक सीमित नहीं है. बॉलीवुड की मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल ने भी अपनी आवाज में कई भोजपुरी छठ गीत गाए हैं. उनके गाए ‘मारबो रे सुगवा धनुष से’ और ‘सिरिफल लेले अइह’ जैसे गीत आज भी छठ के मौके पर सुनाई देते हैं.

वहीं, पलक मुछाल ने भी छठ गीत गाकर लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है. उनका गीत ‘छठी मइया होइहें सहाय’ भक्तिभाव से भरा है और श्रोताओं को खूब पसंद आता है.

मैथिली ठाकुर, कल्पना पटवारी और देवी ने बढ़ाई लोकगीतों की लोकप्रियता

नई पीढ़ी के कलाकारों में मैथिली ठाकुर का नाम खास है. मैथिली अपनी पारंपरिक और शास्त्रीय गायिकी के लिए जानी जाती हैं. वह अपने भाइयों के साथ हारमोनियम पर बैठकर मैथिली और भोजपुरी के पारंपरिक गीत गाती हैं. उनके छठ गीत युवाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं. खास बात यह है कि मैथिली ठाकुर अब राजनीति में भी सक्रिय हैं और भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं.

इसके अलावा असम में जन्मीं कल्पना पटवारी ने भोजपुरी लोकगीतों को देशभर में पहचान दिलाई है. उनका गीत ‘चलेली छठ घाट’ छठ के मौके पर खूब सुना जाता है. वहीं, लोकगायिका देवी के गाए ‘छठी मइया के बरतिया’ और ‘घरे-घरे होला छठी मइया के बरतिया’ जैसे गीत भी लोगों की जुबान पर रहते हैं.

इस तरह इन सभी कलाकारों ने अपनी आवाज से छठ महापर्व की परंपरा को आगे बढ़ाया है. समय के साथ संगीत का अंदाज जरूर बदला है, लेकिन छठ गीतों की मिठास और उनमें छिपी आस्था आज भी वैसी ही है. यही वजह है कि छठ के गीत पीढ़ियों को जोड़ते हैं और इस महापर्व को और भी खास बना देते हैं.