SIR प्रक्रिया में लापरवाही पर सख्ती, देवघर के अधिकारियों को 30 नवंबर तक कमियां दूर करने का निर्देश

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने देवघर के सोनाराईठाढ़ी प्रखंड में SIR प्रक्रिया का निरीक्षण किया. दस्तावेजों के सत्यापन में कमियां मिलने पर अधिकारियों को 30 नवंबर तक उन्हें दूर करने का निर्देश दिया.

देवघर में SIR की जांच, दस्तावेजों की कमियां 30 नवंबर तक होंगी दूर

 झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने देवघर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के सोनाराईठाढ़ी प्रखंड स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाताओं की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की. जांच के दौरान कुछ कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को 30 नवंबर तक उन्हें दूर करने का निर्देश दिया गया.

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सुनवाई प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित अभिलेखों को बारीकी से देखा. इस क्रम में कुछ मतदाताओं के दस्तावेजों के सत्यापन में कमियां पाई गईं. इस पर उन्होंने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिह्नित कमियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर दूर कर प्रतिवेदन सौंपें.

के. रवि कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. वहीं, किसी भी विदेशी या अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए. पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का ध्यान रखने का निर्देश भी दिया गया.

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सागरी बारला सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे.