पाकुड़ में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
पाकुड़ के मालगोदाम रोड पर पुलिस ने 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 21 वर्षीय युवक सूरज कुमार दुबे को गिरफ्तार किया है. उसके पास से आईफोन, 5,320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद हुई है.
झारखंड के पाकुड़ जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन, 5,320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की ग्लैमर बाइक भी बरामद की है. गिरफ्तार युवक की पहचान 21 वर्षीय सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है. वह हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी छिरकापाड़ा का रहने वाला है.
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की.
पुलिस को देखते ही एक युवक वहां से भागने लगा. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आईफोन, 5,320 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की ग्लैमर बाइक बरामद हुई.
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं. इस मामले में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ऑपरेशन जीवन के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. ऑपरेशन जीवन के तहत ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ छापेमारी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.