TMP DESK: भारत के साथ-साथ दुनिया भर में AI को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है.बड़ी टेक कंपनी अब लोगों तक अपने प्रीमियम सब्सक्रिप्शन AI टूल्स मुफ्त में पहुंचने के लिए अलग-अलग तरह की पार्टनरशिप योजनाएं शुरू करने जा रही है.OpenAI, Google और Perplexity AI जैसी कंपनियां पहले भी कई देशों में फ्री सब्सक्रिप्शन ऑफर कर चुकी हैं. अब इसी कड़ी में यूरोपीय देश Malta का नाम भी जुड़ गया है.
माल्टा में OpenAI ने सरकार और University of Malta के साथ मिलकर एक खास पहल शुरू की है. इस अभियान को ‘AI for All’ नाम दिया गया है. इसके तहत जो भी नागरिक सरकारी AI लिटरेसी कोर्स पूरा करेंगे, उन्हें एक साल तक ChatGPT Plus का मुफ्त सब्सक्रिप्शन दिया जाएगा. यह सुविधा सिर्फ देश में रहने वाले लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले माल्टा के नागरिकों के लिए भी उपलब्ध होगी.
यह OpenAI का पहला ऐसा राष्ट्रीय स्तर का अभियान माना जा रहा है. योजना के तहत माल्टा के डिजिटल आइडेंटिटी सिस्टम में रजिस्टर्ड सभी नागरिक फ्री एक्सेस के पात्र होंगे. हालांकि, इसके लिए उन्हें एक विशेष कोर्स पूरा करना होगा, जिसमें AI का सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रैक्टिकल इस्तेमाल सिखाया जाएगा. यह कार्यक्रम इसी महीने शुरू होने जा रहा है.
अगर भारत के हिसाब से बात करें तो ChatGPT Plus की कीमत करीब 2 हजार रुपये प्रति महीने के आसपास पड़ती है. ऐसे में एक साल का फ्री सब्सक्रिप्शन लोगों के लिए बड़ा फायदा माना जा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI अब United Arab Emirates यानी UAE में भी इसी तरह की योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है. कंपनी वहां ‘Stargate UAE’ इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनरशिप पर काम कर रही है, जिसके जरिए नागरिकों को फ्री AI सब्सक्रिप्शन देने पर विचार किया जा रहा है.
भारत में भी पिछले साल कई कंपनियों ने फ्री AI प्लान्स ऑफर किए थे. Google ने जियो के साथ साझेदारी कर कुछ सेवाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई थीं. वहीं Perplexity ने एयरटेल यूजर्स को अपने प्रो प्लान का फ्री एक्सेस दिया था, हालांकि बाद में यह ऑफर बंद कर दिया गया. दूसरी तरफ OpenAI ने अपने कम कीमत वाले प्लान को बिना किसी पार्टनरशिप के सभी यूजर्स के लिए मुफ्त उपलब्ध कराया था.

