UK के नागरिक बने पाकिस्तान के क्रिकेटर Mohammad Amir, IPL में एंट्री की चर्चाएं तेज

    UK  के नागरिक बने पाकिस्तान के क्रिकेटर Mohammad Amir, IPL में एंट्री की चर्चाएं तेज

    TNP DESK: क्रिकेटर Mohammad Amir ने यूनाइटेड किंगडम की नागरिकता हासिल कर ली है. इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी हैं , जहां उन्होंने अपने नागरिकता से जुड़े बदलाव का जिक्र किया. आमिर को यह नागरिकता उनकी पत्नी Nargis Khan के जरिए मिली, जो पहले से ही यूके की नागरिक हैं.

    यूके की नागरिकता मिलने के बाद अब मोहम्मद आमिर के लिए दुनिया की कई बड़ी क्रिकेट लीगों में नए अवसर खुल गए हैं. खास तौर पर अब वह Indian Premier League में भी खेलने के लिए पात्र माने जा सकते हैं. वह अब एक ब्रिटिश विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खुद को विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में रजिस्टर करा सकते हैं. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आमिर ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. अपने करियर में उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले.

    गौरतलब है कि 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. हालांकि, मुंबई आतंकी हमलों के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में खेलने पर रोक लगा दी थी. इसके बाद से कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी आईपीएल में नजर नहीं आया. लेकिन नागरिकता बदलने के बाद कुछ खिलाड़ियों को अलग देश के प्रतिनिधि के रूप में खेलने का मौका मिला.

    इसका सबसे बड़ा उदाहरण Azhar Mahmood हैं, जिन्होंने यूके की नागरिकता लेने के बाद इंग्लिश खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में हिस्सा लिया था. उन्होंने 2012 और 2013 में Punjab Kings के लिए खेला, जबकि 2015 में Kolkata Knight Riders का हिस्सा रहे.

    मोहम्मद आमिर सिर्फ अपनी गेंदबाजी के लिए ही नहीं, बल्कि Virat Kohli के प्रति अपने सम्मान और प्रशंसा को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. आमिर कई बार सोशल मीडिया और इंटरव्यू में विराट को मौजूदा दौर का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज बता चुके हैं. उन्होंने कई मौकों पर विराट को पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज Babar Azam से भी ऊपर रखा है.

    दिलचस्प बात यह है कि यह सम्मान सिर्फ एकतरफा नहीं है. विराट कोहली भी आमिर को दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में गिनते रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों के बीच अच्छी दोस्ती भी देखने को मिली है. एक टूर्नामेंट के दौरान विराट ने आमिर को अपना बैट गिफ्ट कर उनके प्रति सम्मान जाहिर किया था.

     



    Related News