TNP DESK: Chennai Super Kings को IPL 2026 के अंत अंत के गेम में लगा बड़ा झटका Jamie Overton को चोट लगने के कारण अपने देश वापस लौट गए हैं. प्लेऑफ की रेस में बनी चेन्नई के लिए यह खबर काफी बुरी है.
IPL 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और हर मुकाबला टीमों के लिए करो या मरो जैसा बन गया है. ऐसे समय में चेन्नई सुपर किंग्स को अपने सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक का साथ गंवाना पड़ा है. जेमी ओवरटन इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे और उन्होंने कई मुकाबलों में टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला था.
ओवरटन ने इस सीजन 10 मैचों में 14 विकेट झटके थे. उनकी इकोनॉमी भी 8.89 रही, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से काफी प्रभावशाली मानी जाती है. तेज गेंदबाजी के साथ-साथ डेथ ओवरों में उनका प्रदर्शन चेन्नई के लिए बेहद अहम साबित हो रहा था. लेकिन दाहिनी जांघ में लगी चोट ने उनकी आगे की राह रोक दी.
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि जेमी ओवरटन आगे की जांच और इलाज के लिए यूके लौट गए हैं. टीम मैनेजमेंट अब उनके रिप्लेसमेंट और गेंदबाजी संयोजन को लेकर नई रणनीति बनाने में जुट गया है.
वैसे भी इस सीजन CSK लगातार चोटों की समस्या से परेशान रही है. युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे और तेज गेंदबाज खलील अहमद पहले ही चोट के कारण टीम से बाहर हो चुके हैं. ऐसे में ओवरटन का बाहर होना कप्तान और कोचिंग स्टाफ की चिंता और बढ़ा सकता है.
हालांकि टीम के कुछ खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर उम्मीदें जिंदा रखे हुए हैं. युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज इस सीजन बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं. उन्होंने 11 मैचों में 19 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. वहीं बल्लेबाजी में Sanju Samson लगातार रन बरसा रहे हैं. संजू ने 11 मैचों में 430 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 169.29 का रहा है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत जरूर किया है, लेकिन टीम के सामने अब असली चुनौती अपने बाकी मुकाबलों में जीत दर्ज करना होगी. फिलहाल CSK ने 11 मैचों में 12 अंक हासिल किए हैं और टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है. टीम का नेट रनरेट +0.185 है.
अगर चेन्नई अपने बाकी तीनों मुकाबले जीतने में सफल रहती है, तो उसके 18 अंक हो जाएंगे और प्लेऑफ का टिकट लगभग तय माना जाएगा. लेकिन जेमी ओवरटन जैसे मैच विनर खिलाड़ी की गैरमौजूदगी में यह राह अब पहले से ज्यादा मुश्किल नजर आ रही है.

