SIR फॉर्म के नाम पर अवैध वसूली, धनबाद के वासेपुर में आधार सेंटर सील

 

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 9, 2026

झारखंड में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दौरान धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है.  वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर पर गुरुवार को एसडीएम लोकेश बारंगे ने छापेमारी कर सेंटर को सील कर दिया.  

 

झारखंड में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के दौरान धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है.  वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर पर गुरुवार को एसडीएम लोकेश बारंगे ने छापेमारी कर सेंटर को सील कर दिया.  आरोप है कि यहां लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर अनधिकृत तरीके से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा रहा था.  शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील कर दिया, जबकि संचालक की तलाश जारी है.

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड में SIR की प्रक्रिया चल रही है.  इस दौरान सूचना मिली कि वासेपुर के एक आधार सेंटर पर पैसे लेकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा रहे हैं.  जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सेंटर को सील कर दिया गया.  प्रशासन अन्य ऐसे सेंटरों पर भी नजर बनाए हुए है, जहां चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है.

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म मतदाता स्वयं भरें.  यदि किसी को फॉर्म भरने में परेशानी हो तो अपने क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर या अधिकृत वॉलंटियर से संपर्क करें.  किसी साइबर कैफे, आधार सेंटर या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाना गलत जानकारी दर्ज होने का कारण बन सकता है.  उन्होंने चेतावनी दी कि गलत सूचना देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या कटवाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) सहित संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी.