पटना के एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 7, 2026

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.

 

पटना (BIHAR) : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.

कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि अस्पताल में कई तरह की कमियां सामने आई हैं. इन कमियों को जल्द दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी

मंत्री ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई लोगों ने उनसे शिकायत की कि अस्पताल में दवाएं उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है. इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह स्थिति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को सरकारी अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा.

मिली शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी

निशांत कुमार ने कहा कि लोगों की ओर से मिली सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी. यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सरकार की पहली प्राथमिकता है और स्वास्थ्य विभाग लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है.

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल की सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ताकि सरकारी अस्पतालों में बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें.