पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर स्थित बायपास चौक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.एक ई-रिक्शा और यात्री बस के बीच हुई जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा में सवार चार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चाईबासा की ओर जा रहा था.इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा.नियंत्रण बिगड़ने के कारण ई-रिक्शा सामने से आ रही एक बस से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्री अंदर ही फंस गए.हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ई-रिक्शा में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है.प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर किया है. विशेषकर व्यस्त मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
