रांची, झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया. मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी.
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे. उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया. उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है. उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढ़स बंधाया.गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. मंगलवार की सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली.
