जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में जा घुसा. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. दुर्घटना में बैंक के प्रवेश द्वार और सामने के हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा. हालांकि, समय रहते बड़ा हादसा टल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज गति से आ रहा था. इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे बैंक भवन से जा टकराया. हादसे के वक्त बैंक परिसर में मौजूद एटीएम गार्ड सुरक्षित बच गया. यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता या उस समय बैंक के बाहर अधिक लोग मौजूद होते, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी.
दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. फिलहाल उसका उपचार जारी है.
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए भीड़ को हटाया. हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को बैंक परिसर से बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
