महाराष्ट्र के नाशिक जिले के निफाड शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के मुद्दे पर अनोखा विरोध देखने को मिला. नागरिकों पर आवारा कुत्तों के हमले और काटने की घटनाओं को लेकर ठाकरे गुट से जुड़े शिवसेना पदाधिकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया.
आरोप है कि निफाड शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से नागरिक परेशान हैं और कुत्तों के हमले और काटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं.
इसी मुद्दे पर प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए युवासेना जिलाप्रमुख विक्रम रंधवे ने कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता आवारा कुत्तों को लेकर निफाड नगर पंचायत के मुख्याधिकारी धीरज भामरे के कार्यालय पहुंचे.
यहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्याधिकारी की टेबल पर आवारा कुत्ते छोड़ दिए. इसके साथ ही मुख्याधिकारी को नोटों की माला पहनाने की भी कोशिश की गई.
प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर आवारा कुत्तों के मुद्दे की अनदेखी करने का आरोप लगाया और इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
