14 हजार फीट पर Indigo विमान के इंजन में खराबी, गोवा लौटी IndiGo फ्लाइट

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 1, 2026

गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन से जुड़ी तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया.

 

गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन से जुड़ी तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया.फ्लाइट 6E 2102 ने गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोपा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. बताया जा रहा है कि करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के एक इंजन में खराबी की सूचना मिली. इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस गोवा मोड़ दिया. राहत की बात यह रही कि विमान की मोपा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई और सभी यात्री सुरक्षित हैं.

उड़ान भरने के कुछ देर बाद आई खराबी

जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजकर 16 मिनट पर गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी.उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला. सूत्रों के मुताबिक, उस समय विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर था.इंजन से जुड़ी समस्या की जानकारी मिलते ही विमान को वापस गोवा लाने का फैसला लिया गया.

ATC ने घोषित की फुल इमरजेंसी

बताया जा रहा है कि करीब 9 बजकर 30 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC ने फुल इमरजेंसी घोषित की.इसके बाद पायलटों ने विमान को सुरक्षित तरीके से वापस मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर सुरक्षा और आपात सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया.

9:51 बजे सुरक्षित लैंडिंग

फ्लाइट ने सुबह करीब 9 बजकर 51 मिनट पर रनवे नंबर 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की.इसके बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया. विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद करीब 10 बजकर 3 मिनट पर फुल इमरजेंसी खत्म कर दी गई.राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और उन्हें एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया.

यात्रियों की आगे की यात्रा पर अपडेट

दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए फ्लाइट के प्रस्थान का संशोधित समय दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट निर्धारित किए जाने की जानकारी सामने आई है.हालांकि, विमान के दोबारा उड़ान भरने का समय जरूरी तकनीकी जांच, क्लीयरेंस और ऑपरेशनल स्थिति पर निर्भर करेगा.

IndiGo का क्या कहना है?

IndiGo के प्रवक्ता के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला था.मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया.फिलहाल विमान को मेंटेनेंस जांच के लिए भेज दिया गया है. सभी जरूरी तकनीकी जांच और मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा ऑपरेशन में शामिल किया जाएगा.

जाच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इंजन में वास्तव में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी. इस संबंध में विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है.सूत्रों के मुताबिक, समस्या सामने आने के बाद विमान को वापस गोवा लाने का फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया.उड़ान भरते ही इंजन में तकनीकी खराबी... करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर सामने आई समस्या के बाद विमान को वापस गोवा मोड़ा गया.ATC की फुल इमरजेंसी के बीच पायलटों ने विमान की मोपा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई.बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित... अब विमान की तकनीकी जांच के बाद ही आगे का ऑपरेशन तय होगा.