टीनपी डेस्क (TNP DESK): दिवाली का त्योहार करीब है. ऐसे में घरों में साफ-सफाई और सजावट की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है. ऐसे में कई लोग इस त्योहार में कई चीजें खरीदना पसंद करते है. कई लोग इलेक्ट्रिक समान खरीदते है तो कई लोग गाड़ियां. ऐसे में कई लोग धनतेरस के मौके पर सोने- चांदी की खरीददारी करना पसंद करते हैं. ऐसे में कई लोगों के मन में सोना खरीदने से पहले जरूर सवाल उठेगा की इस बार सोने-चांदी के रेट क्या है. क्या इस बार अपने पसंद के सोने चांदी के आभूषण खरीद पाएंगे. तो बता दें, जो लोग इस बार धनतेरस में सोना खरीदने का सोच रहे है, उनके लिए इस बार धनतेरस से पहले बड़ी राहत की खबर है. आसमान छूती सोने की कीमतों ने जहां पिछले कई महीनों से आम लोगों का बजट बिगाड़ रखा था, वहीं अब सोने के भाव में आई भारी गिरावट ने खरीदारों को एक बार फिर आकर्षित करना शुरू कर दिया है. सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 30 से 40 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है. ऐसे में इस बार धनतेरस पर सोने की खरीदारी को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि जिन परिवारों ने महंगी कीमतों के कारण गहने खरीदने का फैसला टाल दिया था, वे अब धनतेरस के शुभ अवसर पर खरीदारी की तैयारी कर सकते हैं.

दरअसल, सोने की कीमतों में आई इस गिरावट का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है. ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ रही है और आने वाले शादी के सीजन को देखते हुए लोग गहनों की बुकिंग भी करा रहे हैं. बाजार के जानकारों के मुताबिक, कीमतों में आई नरमी से उन ग्राहकों को राहत मिली है, जो लंबे समय से सोने के भाव कम होने का इंतजार कर रहे थे. गौरतलब है कि इस साल 29 जनवरी को सोने ने करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था. इसके मुकाबले नवंबर की शुरुआत में मुंबई के हाजिर बाजार में सोने का भाव करीब 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.
धनतेरस पर बढ़ सकती है सोने की बिक्री
इस बार धनतेरस 6 नवंबर को मनाया जाएगा. ऐसे में त्योहार से ठीक पहले सोने की कीमतों में आई गिरावट को ज्वेलरी कारोबार के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, इस धनतेरस पर सोने की बिक्री की मात्रा पिछले साल के मुकाबले 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़ सकती है. कीमतों में गिरावट के कारण ग्राहकों की दुकान तक पहुंच बढ़ी है. इसके साथ ही दीपावली और शादी के सीजन को देखते हुए भी बाजार में मांग बढ़ने की उम्मीद है.

22 और 24 कैरेट सोने का क्या है भाव?
3 नवंबर को उपलब्ध बाजार भाव के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.28 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है. हालांकि, अलग-अलग शहरों और ज्वेलर्स के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है. इसके अलावा गहने खरीदने पर मेकिंग चार्ज और जीएसटी भी देना होता है. इसलिए ग्राहकों को खरीदारी से पहले स्थानीय बाजार में सोने का ताजा भाव जरूर पता कर लेना चाहिए.
छोटे बजट की खरीदारी पर जोर
सोने की कीमतें कम होने के बावजूद ग्राहक अपने बजट को ध्यान में रखकर खरीदारी की योजना बना रहे हैं. बाजार में हल्के वजन की चेन, अंगूठी, कान की बाली और छोटे डिजाइन वाले गहनों की मांग बढ़ने की उम्मीद है. वहीं, कुछ ग्राहक निवेश के लिहाज से सोने के सिक्के और छोटी मात्रा में सोना खरीदना पसंद कर सकते हैं. ज्वेलरी कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजारों में अच्छी भीड़ देखने को मिलेगी.

अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी पड़ रहा असर
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं. अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों को लेकर बनी स्थिति, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं का असर सोने के भाव पर पड़ता है. हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट के कारण घरेलू बाजार में भी सोने की कीमतों पर दबाव बना है. हालांकि, कीमतों में उतार-चढ़ाव अभी जारी है.
यानी इस बार धनतेरस पर सोने की खरीदारी करने वालों के लिए बाजार में बेहतर मौका बनता दिखाई दे रहा है. रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 35-40 हजार रुपये तक सस्ता हुआ सोना उन परिवारों को राहत दे सकता है, जिन्होंने महंगाई के कारण गहने खरीदने की योजना टाल दी थी. ऐसे में उम्मीद है कि इस धनतेरस पर सोने की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी और त्योहार के बाजार में एक बार फिर चमक लौटेगी.
