मीरा रोड में मेट्रो ब्रिज से सीमेंट ब्लॉक गिरा, 23 वर्षीय युवक गंभीर घायल; सिर में लगी गंभीर चोट

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 21, 2026

भाईंदर के काशिमीरा इलाके में मेट्रो ब्रिज के नीचे एक गंभीर हादसा सामने आया है. ब्रिज के ऊपर से सीमेंट का बड़ा ब्लॉक गिरने से 23 वर्षीय शादाब नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर में गंभीर चोट लगी है और मीरा रोड के वॉकहार्ट अस्पताल में उसकी सर्जरी की जा रही है.

 

मीरा-भाईंदर के काशिमीरा इलाके में मेट्रो ब्रिज के नीचे एक गंभीर हादसा सामने आया है. ब्रिज के ऊपर से सीमेंट का बड़ा ब्लॉक गिरने से 23 वर्षीय शादाब नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर में गंभीर चोट लगी है और मीरा रोड के वॉकहार्ट अस्पताल में उसकी सर्जरी की जा रही है.

यह घटना काशिमीरा इलाके में अक्षित रेस्टॉरंट के सामने की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, शादाब सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान उसे फोन आया और वह फोन पर बात करने के लिए सड़क के बीच में रुक गया. तभी अचानक ऊपर से सीमेंट का बड़ा ब्लॉक सीधे उसके सिर पर आ गिरा.

हादसे में शादाब गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बड़े वाहन खड़े होने के कारण वह काफी देर तक किसी की नजर में नहीं आया. करीब एक घंटे बाद एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद रिक्शे की मदद से उसे मीरा रोड के वॉकहार्ट अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसकी सर्जरी जारी होने की जानकारी सामने आई है. परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत देने की प्रक्रिया शुरू है.

घटनास्थल पर मेट्रो ब्रिज के साथ ही एलिवेटेड ब्रिज का काम भी चल रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस निर्माण कार्य के दौरान पहले भी लोहे की सरिया, धातु की वस्तुएं और अन्य निर्माण सामग्री नीचे गिर चुकी है. करीब एक महीने पहले भी लोहे की वस्तु स्कूल वैन के पास गिरने की घटना सामने आई थी. हालांकि उस समय स्कूल के बच्चों को कोई चोट नहीं लगी थी.

हादसे के बाद मेट्रो निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. आखिर निर्माण कार्य के दौरान नीचे से गुजरने वाले नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं और संबंधित एजेंसियों की निगरानी कितनी प्रभावी है, यह सवाल अब सामने आया है.

इस मामले को लेकर मनसे शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने MMRDA पर निशाना साधा है. राणे का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान बार-बार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने मांग की है कि MMRDA इस मामले में खुद संज्ञान लेकर सुओ-मोटो कार्रवाई करे.

संदीप राणे ने चेतावनी दी कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो मनसे अधिकारियों के कार्यालय में जाकर आंदोलन करेगी.