रांची (RANCHI): झारखंड में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 27 से 30 अक्टूबर के बीच मौसम का असर देखने को मिल सकता है. खासकर बुधवार को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है.
भारतीय मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी आशंका है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम का असर झारखंड के मौसम पर पड़ने की संभावना है. बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
झारखंड के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर: अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान
रांची: 26°C, 20°C
जमशेदपुर: 29°C, 23°C
हजारीबाग: 26°C, 17°C
डालटनगंज: 28°C, 22°C
देवघर: 28°C, 23°C
राजधानी रांची में आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं जमशेदपुर में भी गरज के साथ बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. हजारीबाग और डालटनगंज में तेज हवा के साथ बारिश की आशंका है. देवघर समेत उत्तर-पूर्वी इलाकों में भी मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. तेज हवा की आशंका को देखते हुए घरों की छतों पर रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखें. किसानों और वाहन चालकों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है. चक्रवात का प्रभाव और बारिश की तीव्रता सिस्टम की दिशा तथा गति पर निर्भर करेगी.
