सीएम हेमंत सोरेन की मां के श्राद्धकर्म में पहुंच रहे हैं हजारों लोग, नेमरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 18, 2026

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग इलाकों से हजारों लोग उनके पैतृक गांव नेमरा पहुच रहे हैं. मुख्यमंत्री खुद सभी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, 

रांची (RANCHI): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग इलाकों से हजारों लोग उनके पैतृक गांव नेमरा पहुच रहे हैं. मुख्यमंत्री खुद सभी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. इस दौरान हेमंत सोरेन ने वहां पहुंचे लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया. उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और अपना स्नेह जताने के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया.

श्राद्धकर्म में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. आयोजन स्थल पर चार बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं. इनमें तीन पंडाल आम लोगों के लिए, जबकि एक विशेष अतिथियों के लिए बनाया गया है. आयोजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की सुविधा के लिए बैठने, आने-जाने और पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

वहीं विशिष्ट अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं. वहीं, गोला चौक से बरलंगा तक मुख्य सड़क पर अस्थायी डिवाइडर लगाए गए हैं. बरलंगा से नेमरा तक करीब सात किलोमीटर के रास्ते पर भी आवागमन को व्यवस्थित करने की तैयारी की गई है. लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचाने और वापस ले जाने के लिए 500 से अधिक टोटो, टेंपो और अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है. लुकैयाटांड़ समेत आसपास के चार मैदानों में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. इसके अलावा सात स्थानों पर चेकपोस्ट तैयार किए गए हैं.

श्राद्धकर्म में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रामगढ़ से गोला होते हुए नेमरा तक यातायात नियंत्रण के लिए हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत 100 पोस्ट बनाए गए हैं. वहीं, 14 आईपीएस अधिकारियों और 42 डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल को जिम्मेदारी सौंपी गई है. बता दें, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को दशकर्म की रस्म पूरी की थी. रविवार को श्राद्धकर्म और संस्कार भोज के बाद सोमवार, 19 अक्टूबर को वह रजरप्पा में अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन की अस्थियों का विसर्जन करेंगे.