गढ़वा जिले के चर्चित जुड़वानिया शिव मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है. चार से पांच गांवों के बीच स्थित इस मंदिर में चोरी की यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे एक संदिग्ध व्यक्ति तीन पहिया ठेला लेकर मंदिर परिसर में पहुंचा और वहां रखा सामान ठेले पर लादकर ले जाने की कोशिश करने लगा. CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
CCTV में कैद तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि देर रात करीब दो बजे एक व्यक्ति तीन पहिया ठेला लेकर जुड़वानिया शिव मंदिर परिसर के पास पहुंचता है. इसके बाद वह मंदिर में रखे सामान को ठेले पर लादता है और वहां से निकलने की कोशिश करता है. इसी दौरान उसकी पूरी गतिविधि मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो जाती है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर गढ़वा थाना ले गई. बताया जा रहा है कि संदिग्ध की पहचान सहिजना निवासी के रूप में हुई है. पुलिस अब CCTV फुटेज और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक जुड़वानिया शिव मंदिर में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. मंदिर के आसपास के इलाकों में भी चोरी की घटनाओं को लेकर लोग चिंतित हैं. कुछ दिन पहले मंदिर के आसपास नदी क्षेत्र में खेती के लिए लगाए गए टुल्लू पंप की चोरी की बात भी सामने आई थी.
लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि मंदिर और ग्रामीणों की संपत्ति को चोरों से सुरक्षित रखा जा सके.
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर चोरी की पूरी घटना की पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की घटना और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
