रांची (RANCHI): त्योहारों का सीजन या गया है. ऐसे में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं. यात्रियों को स्टेशन पर भीड़ और अव्यवस्था से बचाने के लिए कई स्तरों पर व्यवस्था की जा रही है. रांची स्टेशन पर एम-यूटीएस सहायक के जरिए यात्रियों के पास जाकर मोबाइल डिवाइस से अनारक्षित टिकट जारी किए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर यह सुविधा हटिया और अन्य स्टेशनों पर भी शुरू की जा सकती है. इसके अलावा यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा और अतिरिक्त आरपीएफ व रेलकर्मियों की तैनाती की जाएगी.
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने 13 स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है. इनमें रांची या हटिया से जयनगर, पूर्णिया कोर्ट, गोरखपुर, वाराणसी, आरा, कामाख्या, शालीमार, एलटीटी, चेन्नई या बेंगलुरु, दिल्ली और अजमेर के लिए ट्रेनें शामिल हैं. इनमें दिल्ली और अजमेर के लिए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू भी हो चुका है. रेलवे के मुताबिक, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पूजा स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. ट्रेनों में वेटिंग बढ़ने की स्थिति में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने की भी व्यवस्था रहेगी.
स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी से निगरानी, नियमित एनाउंसमेंट और वार रूम को सक्रिय रखने की तैयारी है. यात्रियों को ट्रेन के प्लेटफार्म की जानकारी मिलने के बाद अंतिम समय में प्लेटफार्म बदलने से बचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ के बीच अफरातफरी की स्थिति न बने. रेलवे का फोकस टिकट काउंटर पर भीड़ कम करने, प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या नियंत्रित रखने और अतिरिक्त ट्रेनों व कोच के जरिए यात्री क्षमता बढ़ाने पर है. त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलकर्मियों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की भी तैयारी की जा रही है.
