झारखंड की चर्चित पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद बनी वकील,पास किया AIBE की परीक्षा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 25, 2026

पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है. इस सफलता के बाद उनके सार्वजनिक जीवन में एक नया अध्याय जुड़ गया है.

रांची: पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है. इस सफलता के बाद उनके सार्वजनिक जीवन में एक नया अध्याय जुड़ गया है. अब तक विधायिका और कार्यपालिका के अनुभव के बाद अंबा प्रसाद कानून के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

AIBE परीक्षा में सफलता के बाद अंबा प्रसाद ने कहा कि राजनीति के साथ-साथ अब न्यायालय के माध्यम से भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि राजनीति के गलियारों के साथ-साथ अब न्यायालय के गलियारों में भी उन्होंने कदम बढ़ाया है.

अंबा प्रसाद ने कहा कि उन्हें विधायिका के कामकाज का अनुभव है और कार्यपालिका की कार्यशैली को भी करीब से समझने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि विधायिका और कार्यपालिका के बीच की कश्मकश में कई बार आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर परेशान रहती है. ऐसे लोगों के लिए अब वह कानूनी माध्यम से भी न्याय की गुहार लगाने का प्रयास करेंगी.

उन्होंने कहा कि जनता के साथ होने वाले अन्याय और प्रताड़ना के खिलाफ वह पहले भी आवाज उठाती रही हैं. अब कानूनी लड़ाई के माध्यम से भी लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा.

AIBE परीक्षा में सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अंबा प्रसाद ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और शुभकामनाओं से उन्होंने AIBE परीक्षा उत्तीर्ण की है.

अंबा प्रसाद की इस उपलब्धि के बाद उनके सार्वजनिक जीवन में एक नई भूमिका जुड़ गई है. राजनीति और सामाजिक सरोकारों के साथ अब कानून के क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता देखने को मिलेगी.