साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, साहिबगंज में खुला साइबर सेल,पीड़ितों को अब मिलेगी त्वरित मदद

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 31, 2026

साहिबगंज.जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साहिबगंज पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर में सोमवार को साइबर सेल की शुरुआत की गई. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने विधिवत फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर साइबर सेल का उद्घाटन किया.

साहिबगंज.जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साहिबगंज पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर में सोमवार को साइबर सेल की शुरुआत की गई. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने विधिवत फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर साइबर सेल का उद्घाटन किया.

उद्घाटन के दौरान मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, मेजर रोहित दुबे समेत जिले के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं कार्यालय कर्मी मौजूद रहे.

साइबर थाना का प्रस्ताव सरकार के पास-पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि साहिबगंज जिले में अभी अलग से साइबर थाना नहीं है. साइबर थाना स्थापित करने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है. जब तक साइबर थाना की स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक साइबर अपराध से जुड़े मामलों की बेहतर निगरानी, शिकायतों के त्वरित निपटारे और कार्रवाई के लिए साइबर सेल काम करेगा.

उन्होंने बताया कि साइबर सेल का नोडल अधिकारी डीएसपी मुख्यालय रविकांत साव को बनाया गया है. सेल के माध्यम से साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी.

पीड़ितों को नहीं लगाना पड़ेगा थानों और कार्यालयों का चक्कर-पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने वाले लोगों को अब शिकायत दर्ज कराने के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी. पीड़ित सीधे साइबर सेल में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. इससे शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने में पुलिस को मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ऐसे मामलों से प्रभावी तरीके से निपटने और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने के उद्देश्य से साइबर सेल की शुरुआत की गई है. 

सार्वजनिक स्थानों पर लगेगा साइबर हेल्पलाइन का पोस्टर-इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल के हेल्पलाइन नंबर से संबंधित पोस्टर भी जारी किया. उन्होंने जिले के सभी थाना, पुलिस निरीक्षक कार्यालय, प्रखंडों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर का पोस्टर लगाने का सख्त निर्देश दिया, ताकि साइबर अपराध का शिकार होने वाले लोगों को समय पर सहायता मिल सके.

पुलिस प्रशासन की इस पहल से जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. साथ ही साइबर ठगी के पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने से लेकर पुलिस कार्रवाई तक बेहतर और त्वरित सहायता मिल सकेगी.