दुर्गा विसर्जन के बाद दिखी गरीबी और बेबसी,हाथ जोड़ कर मूर्ति के बांस ले गए लोग,कहा-बनाएंगे आशियाना

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 22, 2026

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): विजयादशमी पर मां दुर्गा की विदाई के दौरान शहर के अलग अलग विसर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं. ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच भक्तों ने मां को विदा किया. प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद धीरे-धीरे घाटों पर भीड़ कम होने लगी और उत्सव का माहौल शांत हो गया. लेकिन इसी बीच घाटों पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने लोगों को भावुक कर दिया.

विसर्जन के बाद कुछ जरूरतमंद लोग प्रतिमाओं के अवशेषों के बीच अपने काम की चीजें तलाशते नजर आए. कोई मलबे से उपयोगी सामग्री चुन रहा था, तो कोई प्रतिमा निर्माण में इस्तेमाल किए गए बांस और बल्लियों को सावधानी से निकालकर किनारे जमा कर रहा था. इन लोगों के लिए विसर्जन के बाद बची सामग्री महज कचरा नहीं, बल्कि रोजी-रोटी और जरूरत का साधन थी.

बांस से बनाएगे घर का छत

बांस-बल्लियां समेट रहे लोगों ने बताया कि बरसात के दौरान उनके घरों को काफी नुकसान पहुंचा था. घर की मरम्मत के लिए नए बांस खरीदने की आर्थिक स्थिति नहीं है. ऐसे में दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण में इस्तेमाल बांस और बल्लियां उनके टूटे आशियाने को फिर से खड़ा करने में मदद करेंगी. कल तक जिन बांसों के सहारे मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं खड़ी थीं, आज वही किसी गरीब परिवार की छत और दीवारों को सहारा देंगे.

जिला प्रशासन और नगर निकाय की ओर से विसर्जन के बाद घाटों की सफाई की व्यवस्था की गई है. हालांकि सफाई शुरू होने से पहले ही जरूरतमंद लोग अपनी जरूरत की सामग्री जुटाने में लगे दिखाई दिए.

उत्सव के बाद संघर्ष की कहानी

जमशेदपुर के घाटों पर दिखाई दिया यह दृश्य बताता है कि एक व्यक्ति के लिए अनुपयोगी हो चुकी वस्तु दूसरे के लिए कितनी कीमती हो सकती है. मां दुर्गा की विदाई के बाद शांत हुए घाटों पर बिखरे बांस-बल्लियों में किसी गरीब परिवार को अपने टूटे घर की छत दिखाई दे रही थी. विजयादशमी के उल्लास के बीच यह तस्वीर आस्था के साथ मानवीय संवेदना और जीवन की कठिनाइयों को भी सामने लाती है.