नेपाल बाढ़: रांची के राम प्रसाद लापता,आखरी बार मंगलवार को परिवार से हुई बात

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 27, 2026

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले 41 वर्षीय रामप्रसाद घोष के लापता होने की खबर सामने आई है.

RANCHI: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले 41 वर्षीय रामप्रसाद घोष के लापता होने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि रामप्रसाद रोजगार के सिलसिले में नेपाल के काठमांडू में रह रहे थे. बाढ़ के बाद से उनका परिवार उनसे संपर्क करने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है. इससे रांची स्थित उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है.

परिजनों के अनुसार, रामप्रसाद करीब चार महीने पहले अप्रैल में नौकरी के सिलसिले में नेपाल गए थे. वहां वह काठमांडू के अपर त्रिशूली बेसरा इलाके में स्थित एक निजी कंपनी में एडमिन के पद पर कार्यरत थे. परिवार से उनकी नियमित बातचीत होती थी. बताया गया है कि 25 अगस्त की रात रामप्रसाद की परिजनों से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी.

इसके बाद नेपाल में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने की खबरें सामने आने लगीं. इसी दौरान रामप्रसाद का मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार का उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया. परिजन लगातार फोन और अन्य माध्यमों से उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.

रामप्रसाद का परिवार रांची के कोकर इलाके में रहता है. अचानक संपर्क टूटने के बाद परिवार के सदस्य बेहद परेशान हैं. परिजन नेपाल में मौजूद संबंधित लोगों और अन्य माध्यमों से भी रामप्रसाद की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं. परिवार को उम्मीद है कि वह सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनके बारे में कोई ठोस जानकारी मिल सकेगी.

गौरतलब है कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद कई इलाकों में भारी तबाही की स्थिति बनी हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में 160 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. ऐसे हालात में रामप्रसाद के लापता होने से उनके परिवार की चिंता और बढ़ गई है.

फिलहाल परिजन उनकी सुरक्षित वापसी और जल्द संपर्क स्थापित होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं. परिवार की ओर से रामप्रसाद के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है.