जमशेदपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर गंभीर मामला सामने आया है. मतदाता सूची के दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान तीन ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जिन्हें जांच में अफगानिस्तान का नागरिक पाया गया. तीनों के नाम भारतीय मतदाता सूची में दर्ज थे.
मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर उनके नागरिकता और मतदाता होने से जुड़े दस्तावेज मांगे. निर्धारित प्रक्रिया के तहत संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद उनके पासपोर्ट की जांच की गई. जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि हुई.
निर्वाचन विभाग के अनुसार, आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 286 की मतदाता सूची में दर्ज थे. ये नाम क्रमशः 30, 31 और 33 नंबर पर शामिल थे. खास बात यह है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान भी इनके नाम प्रारूप मतदाता सूची तक पहुंच गए थे.
दस्तावेजों की जांच में मामला पकड़ में आने के बाद निर्वाचन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीनों नामों को मतदाता सूची से हटा दिया है. धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए जांच कमेटी गठित की गई है. जिस मतदान केंद्र की सूची में तीनों नाम मिले हैं, वह गोलमुरी स्थित हिंदुस्तानी संघ स्कूल में बनाया गया है. अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में दर्ज कैसे हुए और सत्यापन की शुरुआती प्रक्रिया में यह मामला सामने क्यों नहीं आया.
निर्वाचन विभाग यह भी जांच कर रहा है कि तीनों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के पीछे किसी व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी. इसके साथ ही पुनरीक्षण अभियान के दौरान सामने आए दस्तावेजों की दोबारा जांच पर भी जोर दिया जा रहा है.
अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम शामिल होने के पीछे लापरवाही हुई या जानबूझकर ऐसा कराया गया. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
