गढ़वा(GARHWA): झारखण्ड के गढ़वा जिले में एकदम फ़िल्मी अंदाज में लूट हुई घटना श्री बंशीधर नगर के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव की है, जहां फोरलेन के किनारे मां तारा एक्वा के संचालक बृजलाल राम के घर पर बाइक सवार बदमाश पहुंचा. उस समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं. बदमाश ने खुद को सेल्स मैनेजर बताते हुए प्रोडक्ट दिखाने की बात कही और काफी देर तक घर में रुका. प्रोडक्ट लेने से इनकार करने के बाद बदमाश ने जेवर साफ करने की बात कही. महिला के मना करने पर उसने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में मौजूद महिलाओं से गहने देने को कहा.
चाकू के डर से महिलाओं ने अपने जेवर बदमाश को सौंप दिए. पीड़िता संगीता देवी के मुताबिक, बदमाश उनकी मां चंद्रावती देवी का मंगलसूत्र, उनका लॉकेट, कान की बाली और टप्स, जबकि उनकी सास फूलमती देवी का कान का टप लेकर फरार हो गया. लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से निकलकर फोरलेन के पास पहुंचा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से पल्सर बाइक लेकर खड़ा था.दोनों बाइक पर सवार होकर रमना की ओर फरार हो गए.
स्थानीय लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए. पीड़िता का आरोप है कि शिकायत लेकर नगर ऊंटारी थाना पहुंचने पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद एसआई अमित प्रशांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता व परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए पीड़िता के बयान के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है. दिनदहाड़े चाकू के बल पर हुई इस वारदात से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
रिपोर्ट - धर्मेन्द्र कुमार
