जमशेदपुर: थाना में शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिस वालों ने किया शोषण,एसपी ने की बड़ी कार्रवाई

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 31, 2026

गम्हरिया थाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाना पहुंची एक महिला ने थाने में तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म और लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है.

सरायकेला-खरसावां (SARAIKELA-KHARSAWA): जिले के गम्हरिया थाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाना पहुंची एक महिला ने थाने में तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म और लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला पारिवारिक कलह की शिकायत लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थी. महिला का आरोप है कि इसी दौरान थाने के भीतर ही एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज देर रात गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया गया.

इस संबंध में एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है. संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पीड़िता के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

बताया गया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला एसडीपीओ मामले की जांच कर रहें हैं. फिलहाल जिस पुलिसकर्मी पर आरोप लगाया गया है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उक्त घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिला की सुरक्षा और पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों को लेकर मामला गंभीर माना जा रहा है. आगे की कार्रवाई जांच के दौरान महिला के बयान, आरोपी पुलिसकर्मी से पूछताछ, चिकित्सकीय परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी. 

रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा