साहिबगंज (SAHIBGANJ): शादी के बाद पति-पत्नी साथ मिलकर एक नई जिंदगी शुरू करते हैं. परिवार बसता है और बच्चों के साथ भविष्य के कई सपने जुड़ जाते हैं. लेकिन जब रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगती हैं, तो कभी-कभी जिंदगी ऐसा मोड़ ले लेती है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होने लगती है. साहिबगंज के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के महादेवबरन गांव में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां एक विवाहित महिला के गांव के ही युवक से शादी करने की बात सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है.
10 साल पहले हुई थी शादी
अशोक मोहाली की शादी करीब 10 साल पहले बिहार के बांका जिले के लकड़ीकोला गांव की रहने वाली पूनम देवी से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. बड़े बेटे कन्हाई मोहाली की उम्र 9 साल है, जबकि छोटे बेटे जिगर मोहाली की उम्र 7 साल के है. शादी के बाद दोनों का परिवार चल रहा था.
गांव के युवक से बढ़ी नजदीकी
बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्षों से पूनम देवी और महादेवबरन गांव के ही रहने वाले करण मोहाली, जो भुट्टो मोहाली के बेटे हैं, के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. इस बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ था. मामला इतना बढ़ा कि पंचायत से होते हुए थाने तक पहुंच गया.
पहले दिया था दोबारा गलती नहीं करने का भरोसा
पहले हुए विवाद के दौरान पूनम देवी ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया था. हालांकि, अब महिला के करण मोहाली के साथ शादी करने का मामला सामने आया है. इसके बाद गांव में इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है. खास बात यह है कि इस घटनाक्रम का असर परिवार और दोनों बच्चों की जिंदगी पर भी पड़ सकता है.
