रांची (RANCHI): अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो अगले कुछ दिनों में बैंकिंग सेवाओं को लेकर अपडेट जानना आपके लिए जरूरी है. बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मंच ने अकग-अलग मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है. हड़ताल की स्थिति में देशभर की बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है. दरअसल, कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में बैंकिंग सेक्टर में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. इसके अलावा बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की पेंशन में सुधार तथा पेंशनरों के लिए समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला लागू करने की मांग भी की जा रही है. यूनियनों ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI व्यवस्था को लेकर भी आपत्ति जताई है और इस मुद्दे पर कर्मचारी संगठनों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की मांग रखी है. ऐसे में हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में लेन-देन और अन्य नियमित सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है.
बैंक कर्मचारी संगठनों के मुताबिक, हड़ताल का उद्देश्य अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार और संबंधित पक्षों का ध्यान आकर्षित करना है. संगठनों का कहना है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य व्यवस्था मिल सकेगी. वहीं पेंशन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी लंबे समय से मांग उठाई जाती रही है. PLI व्यवस्था को लेकर यूनियनों का कहना है कि इस विषय पर कर्मचारी संगठनों के साथ उचित द्विपक्षीय बातचीत होनी चाहिए. बैंक संगठन के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के बीच इस बार रविवार को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहने की स्थिति भी सामने आई है. RBI के आदेश के अनुसार रविवार को बैंक खुले रहेंगे, जिससे ग्राहकों को कुछ जरूरी सेवाओं के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है.
हालांकि हड़ताल का असर मुख्य रूप से बैंक शाखाओं के सामान्य कामकाज पर पड़ने की संभावना है. डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन सेवाओं पर प्रभाव बैंक और संबंधित सेवा के आधार पर अलग-अलग हो सकता है. ऐसे में जिन ग्राहकों को चेक जमा करने, नकद लेन-देन, बैंक शाखा में दस्तावेजी काम या अन्य जरूरी कार्य कराने हैं, वे हड़ताल की संभावित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने काम पहले निपटा सकते हैं. बैंक कर्मचारियों के संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं, जबकि ग्राहकों के लिए इस दौरान बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता से जुड़े अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा.
