गोड्डा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, बिहार STF और झारखंड पुलिस की छापेमारी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 16, 2026

महागमा थाना क्षेत्र में बुधवार को बिहार STF और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. जानकारी के अनुसार, ललमटिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के पास एक मकान में छापेमारी की गई. कार्रवाई महागमा SDPO वरुण कुमार रजक के सहयोग से की गई.

गोड्डा (GODDA): जिले के महागमा थाना क्षेत्र में बुधवार को बिहार STF और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. जानकारी के अनुसार, ललमटिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के पास एक मकान में छापेमारी की गई. कार्रवाई महागमा SDPO वरुण कुमार रजक के सहयोग से की गई. पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां अवैध हथियार निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान और अन्य सामग्री बरामद की है. हालांकि, जब्त सामान और उसकी पूरी सूची की आधिकारिक जानकारी पुलिस की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद साझा किए जाने की बात कही गई है.

बताया जा रहा है कि जिस मकान में कथित तौर पर यह अवैध गतिविधि चल रही थी, वह पवन तुरी का है. स्थानीय स्तर पर पवन तुरी के मानवाधिकार संगठन से जुड़े होने, RTI एक्टिविस्ट और सोशल मीडिया पत्रकार होने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि मकान में कथित अवैध हथियार निर्माण का संचालन खुद पवन तुरी कर रहे थे या किसी अन्य व्यक्ति ने उनके मकान का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. छापेमारी के बाद इलाके में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

पुलिस के अनुसार, घाट बलिया स्थित कथित फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और वहां मौजूद सामान को जब्त किया गया है. महागमा SDPO वरुण कुमार रजक ने बताया कि मामले में कार्रवाई अभी जारी है. उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई समाप्त होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल पुलिस जब्त सामान, मकान के इस्तेमाल और कथित अवैध हथियार निर्माण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फैक्ट्री का संचालन कौन कर रहा था और इस गतिविधि के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे.

रिपोर्ट- अजित कुमार