पाकुड़: पाकुड़ से बिक्रमपुर होते हुए माहरो जाने वाली नवनिर्मित सड़क पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हाईवा ने एक टोटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, टक्कर के बाद हाईवा भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल टोटो चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है. इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आवाजाही हो रही है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है.
रिपोर्ट: विकास कुमार
