पलामू: झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पलामू जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से 2 और 3 सितंबर को जिले में भारी बारिश की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए सभी स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, पलामू जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में KG से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 3 सितंबर 2026 तक तत्काल प्रभाव से बंद रहेगी. प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है.
लगातार बारिश के कारण जिले के कई शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालय परिसरों में पानी जमा हो गया है. कुछ जगहों पर विद्यालयों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 2 और 3 सितंबर को पलामू में भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से निचले इलाकों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
स्कूल बंद रहने के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने की अपील की गई है. प्रशासन की ओर से आगे की स्थिति और मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर स्कूलों को लेकर नया आदेश जारी किया जा सकता है. फिलहाल 3 सितंबर तक KG से 12वीं तक की कक्षाओं पर रोक रहेगी.
