Ranchi: यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची–आनंद विहार टर्मिनल–रांची स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है. रेल मंत्रालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 02877/02878 अब निर्धारित अवधि से आगे भी संचालित होगी. इसके साथ ही ट्रेन के मार्ग, समय-सारिणी और ठहराव में भी कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 02877 रांची–आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 8 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को रांची से रवाना होगी. इस दौरान ट्रेन कुल आठ फेरे लगाएगी. नई समय-सारिणी के मुताबिक ट्रेन शाम 5:40 बजे रांची से प्रस्थान करेगी. इसके बाद यह लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा रोड, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज (प्रयागराज), गोविंदपुरी (कानपुर) और टूण्डला स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के साथ अगले दिन यानी रविवार को शाम 6:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.
वहीं, ट्रेन संख्या 02878 आनंद विहार टर्मिनल–रांची स्पेशल 9 अगस्त 2026 से 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से संचालित होगी. यह ट्रेन भी कुल आठ ट्रिप लगाएगी. निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन रविवार शाम 7:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी और टूण्डला, गोविंदपुरी (कानपुर), सूबेदारगंज (प्रयागराज), पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गढ़वा रोड, डालटनगंज, टोरी तथा लोहरदगा में ठहराव के बाद सोमवार शाम 6:35 बजे रांची पहुंचेगी.
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों स्पेशल ट्रेनों के कोच संयोजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पूर्व की तरह ही सभी डिब्बों का संचालन जारी रहेगा. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रांची और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा तथा त्योहारों और अवकाश के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
