कोडरमा. कोडरमा से बड़ी खबर है, जहां मिड-डे मील खाने से 4 दर्जन बच्चे बीमार पड़ गए. मरकच्चो प्रखंड के एक स्कूल में खाना खाते ही बच्चे पेट दर्द से तड़पने लगे और स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार मरकच्चो प्रखंड के जामू हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय की हैं. बुधवार को स्कूल में 62 बच्चे मौजूद थे. मिड-डे मील में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी बनी थी. खाना खाने के कुछ ही मिनट बाद बच्चे पेट दर्द से कराहने लगे और जमीन पर लोटने लगे. बच्चों की हालत बिगड़ते देख स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को अलग-अलग गाड़ियों से मरकच्चो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. बताया जा रहा है कि सभी बच्चे वर्ग 3 से 5 तक के छात्र हैं जिनका उम्र 8 से 12 साल के बीच के हैं. करीब एक घंटे के इलाज के बाद सभी बच्चों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना. चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है. अब सवाल ये है कि बच्चों की थाली तक जहर कैसे पहुंचा, इसकी जांच शुरू कर दी गई है.
