दुमका: दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए. सोमवार की सुबह करीब पांच बजे दुमका हंसडीहा मुख्य मार्ग पर लकड़ाटांड़ स्थित हरदिया नदी के समीप बाइक लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी. दिन निकलने से पहले हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बाइक रोककर लूट की कोशिश, विरोध पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार लकड़ाटांड़ निवासी शिवलाल हांसदा सुबह अपनी बाइक से जा रहे थे. हरदिया नदी के पास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और बाइक छीनने का प्रयास किया. शिवलाल ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी. गोली उनके बाएं पैर में लगी.
गोली लगी, फिर भी बाइक से नहीं उतरे
गोली लगने के बाद भी शिवलाल हांसदा अपनी बाइक पर ही बैठे रहे. इस बीच गोली चलने की आवाज से आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी. स्थानीय लोगों की आहट और मौके पर बढ़ती आवाजाही देखकर दोनों अपराधियों के कदम उखड़ गए और वे वहां से फरार हो गए.
पांच बजे सुबह सड़क पर फायरिंग, इलाके में दहशत
सुबह के समय मुख्य मार्ग पर गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. जिस सड़क से सुबह लोगों की आवाजाही शुरू होती है, वहीं अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर बाइक लूटने का प्रयास और फायरिंग किए जाने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
पुलिस पहुंची, अपराधियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घायल व्यक्ति से घटना की जानकारी ली तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
लूट थी वजह या कोई और मंशा? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मामला बाइक लूट के प्रयास से जुड़ा माना जा रहा है. हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुबह सुबह मुख्य सड़क पर हथियार लेकर पहुंचे दोनों अपराधी कौन थे और उन्हें इलाके में कानून व्यवस्था का कितना खौफ था.
रिपोर्ट: पंचम झा
