जमशेदपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 3.865 किलो माल के साथ युवक गिरफ्तार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 11, 2026

जमशेदपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गोविंदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इसके अलावा गांजा की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद बोलेरो को भी जब्त किया गया है.

JAMSHEDPUR:जमशेदपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गोविंदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इसके अलावा गांजा की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद बोलेरो को भी जब्त किया गया है.

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान माधव कर्मकार के रूप में हुई है. वह पश्चिमी सिंहभूम के डुमरिया थाना क्षेत्र स्थित तुरीगोड़ा का रहने वाला बताया गया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

जानकारी के अनुसार 10 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे गोविंदपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक जाने वाले रास्ते के आसपास एक युवक बोलेरो में गांजा लेकर पहुंचा है. बताया गया था कि वह गांजा की खेप को इलाके में खपाने की तैयारी में है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में निगरानी शुरू कर दी.

इसी दौरान अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा की ओर जाने वाली सड़क के पास पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो को रोक लिया. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजा का वजन कराया, जो कुल 3.865 किलोग्राम निकला. इसके बाद वाहन में मौजूद माधव कर्मकार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा की खेप ओडिशा के क्योंझर इलाके से लाई गई थी. उसने कथित तौर पर यह भी जानकारी दी कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा को छोटी-छोटी पुड़िया में बांटकर ग्राहकों को बेचा जाता था. पुलिस आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. बरामद गांजा और जब्त बोलेरो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में सिटी डीएसपी संजीव कुमार, टेल्को-गोविंदपुर अंचल निरीक्षक मो. कुटुस, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार, एसआई चंद्रशेखर पिंघुआ और संजय कुमार राय, एएसआई महादेव उरांव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.