बेखौफ चोरों का कारनामा : सफेद कार से आए चोर, गैराज से चुराई स्कॉर्पियो, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 26, 2026

दुमका (DUMKA): शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के पास गैराज में खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं. सराय रोड में हुई गृह चोरी का खुलासा अभी हुआ भी नहीं था कि रविवार की रात एसपी कॉलेज रोड में चोरों ने एक स्कॉर्पियो पर हाथ साफ कर दिया. वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश सफेद रंग की कार से पहुंचे थे. दो चोरों ने गैराज में घुसकर स्कॉर्पियो का कवर हटाया, लॉक खोला और वाहन लेकर फरार हो गए. पूरी घटना गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वाहन मालिक सुरेश कुमार वर्मा ने नगर थाना में आवेदन देकर स्कॉर्पियो की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

दुमका (DUMKA): शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के पास गैराज में खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं. सराय रोड में हुई गृह चोरी का खुलासा अभी हुआ भी नहीं था कि रविवार की रात एसपी कॉलेज रोड में चोरों ने एक स्कॉर्पियो पर हाथ साफ कर दिया. वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश सफेद रंग की कार से पहुंचे थे. दो चोरों ने गैराज में घुसकर स्कॉर्पियो का कवर हटाया, लॉक खोला और वाहन लेकर फरार हो गए. पूरी घटना गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वाहन मालिक सुरेश कुमार वर्मा ने नगर थाना में आवेदन देकर स्कॉर्पियो की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

शाम में गैराज में खड़ी की स्कॉर्पियो, सुबह गायब मिली
वाहन मालिक की ओर से नगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार रविवार शाम चालक ने काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर JH 04 AE 1720) को घर के पास स्थित गैराज में खड़ा किया था. इसके बाद वह अपने घर चला गया. सोमवार सुबह करीब पांच बजे वाहन मालिक की नजर गैराज पर पड़ी, तो स्कॉर्पियो गायब थी. वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला. फुटेज में चोरी की पूरी वारदात सामने आ गई.

सफेद कार से पहुंचे दो बदमाश, तीसरा कार में करता रहा इंतजार
सीसीटीवी फुटेज में देर रात सफेद रंग की कार से दो लोगों को उतरते देखा जा सकता है, जबकि कार चालक अंदर ही बैठा रहता है. दोनों गैराज में पहुंचते हैं और स्कॉर्पियो पर पड़ा कवर हटाने के बाद उसका लॉक खोल लेते हैं. इसके बाद बदमाश स्कॉर्पियो में बैठकर उसे लेकर निकल जाता है. पीछे पीछे सफेद कार भी रवाना हो जाती है. वारदात को अंजाम देने का यह तरीका वाहन चोरी की घटना में आपसी तालमेल और पहले से बनाई गई योजना की आशंका पैदा करता है. हालांकि, चोरों की पहचान और घटना के पीछे की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

सीसीटीवी में सुराग, पुलिस के सामने वाहन बरामदगी की चुनौती
स्कॉर्पियो चोरी होने के बाद सुरेश कुमार वर्मा ने नगर थाना में लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस से वाहन बरामद करने और चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. सीसीटीवी फुटेज में सफेद कार और वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्धों की गतिविधियां दर्ज हैं. अब पुलिस के सामने फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने, सफेद कार का पता लगाने और चोरी गई स्कॉर्पियो बरामद करने की चुनौती है.

गृह चोरी के बाद वाहन चोरी, शहर की सुरक्षा पर फिर सवाल
दुमका शहर में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. सराय रोड में गृह चोरी की घटना के बाद अब एसपी कॉलेज रोड में गैराज से स्कॉर्पियो चोरी होने से पुलिस की गश्ती और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. घर के पास खड़े वाहन की चोरी कोई नई बात नहीं है. जानकार बताते है कि कुछ वर्ष पूर्व घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था. इसके बाबजूद कार चोरी की घटना नहीं रुकी.  लगातार ऐसी घटनाएं होना आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करता है. स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस रात की गश्ती तेज करने के साथ चोरी की घटनाओं का त्वरित उद्भेदन करे.

चोरों ने फिर दी चुनौती, अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार
गैराज में खड़ी स्कॉर्पियो को लेकर चोरों का फरार होना पुलिस के लिए एक और चुनौती है. सीसीटीवी में वारदात दर्ज होने के कारण जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है. अब देखना होगा कि पुलिस इस सुराग के सहारे कितनी जल्दी चोरों तक पहुंचती है और वाहन बरामद कर पाती है. फिलहाल, वाहन मालिक को अपनी स्कॉर्पियो की वापसी का इंतजार है और शहरवासियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं.