साहिबगंज:जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगा तार बढ़ रहा है.आज गंगा नदी का जलस्तर 27.59 मीटर दर्ज किया गया,जो अब भी खतरे के निशान से ऊपर है.पिछले पांच घंटे में जल स्तर में करीब एक सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.हालांकि बढ़ने की रफ्तार धीमी है, लेकिन लगातार वृद्धि से तटवर्ती और निचले इलाकों में चिंता बनी हुई है.
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे इलाकों में बाढ़ और कटाव का खतरा लगातार बना हुआ है.निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.गौरतलब है कि 29 अगस्त को इस वर्ष गंगा का अधिकतम जलस्तर 27.85 मीटर तक पहुंचा था.इसके बाद जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है. वर्तमान में एक बार फिर नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है.जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले समय में निचले इलाकों में भयानक बाढ़ का प्रभाव बढ़ सकता है.
