गोड्डा (GODDA): गोड्डा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महागामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में 28 वर्षीय प्रियंका कुमारी का शव उनके घर के कमरे में पंखे से लटका मिला. प्रियंका, सुनील साव की पत्नी थीं. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. मां का शव देखकर घर में मौजूद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति और सास पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है. दूसरी ओर, पुलिस फिलहाल प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है.
पति खेत में कर रहा था धान की कटाई, घर में थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय प्रियंका के पति सुनील साव खेत में धान की कटाई करने गया हुआ था. घर में बच्चे मौजूद थे. इसी दौरान घर के एक कमरे में प्रियंका का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला. घटना से पहले घर में कपड़ा जलाए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, कपड़ा किसने और किन परिस्थितियों में जलाया, इसकी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
मायके वालों ने पति और सास पर लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर प्रियंका के मायके पक्ष के लोग भी मोहानी गांव पहुंचे. मृतका के पिता बिट्टू साव ने अपने दामाद सुनील साव और समधन पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रियंका और सुनील के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था. पिता के मुताबिक, योजना के तहत मिली रकम से सुनील ने मोबाइल खरीदा था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था.
बिट्टू साव ने आरोप लगाया कि घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. इसके बाद सुनील और उसकी मां ने प्रियंका के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया. पिता ने यह भी दावा किया कि सुनील दूसरी शादी करना चाहता था और इसी वजह से परिवार में अक्सर तनाव रहता था. हालांकि, मायके पक्ष की ओर से लगाए गए इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
प्रियंका की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गई हैं. मां को इस हालत में देखकर तीनों बच्चे बदहवास हैं. घटना के बाद मोहानी गांव में शोक का माहौल है. एक तरफ मायके वाले इसे हत्या बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है.
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया. महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है.
