हैदरनगर, पलामू: हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला (भापुसे) के नेतृत्व में हैदरनगर थाना पुलिस ने भारत गैस एजेंसी में हुई चोरी के मामले का 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके घर के पास बालू में छिपाकर रखे गए चोरी के 2,43,250 रुपये बरामद किए हैं.
एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हैदरनगर थाना क्षेत्र के भाई बिगहा गांव में संचालित भारत गैस एजेंसी में 6 सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने करीब 2.59 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। एजेंसी के प्रोपराइटर की लिखित शिकायत पर हैदरनगर थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 08.09.2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान (41 वर्ष), पिता यासीन खान, निवासी भाई बिगहा ब्लॉक रोड, हैदरनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी के अपराध स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसकी निशानदेही पर उसके घर के पास बालू में छिपाकर रखे गए 2,43,250 रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
छापेमारी दल में एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के अलावा हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर, पुअनि राजू मांझी, सअनि बशिष्ठ ठाकुर, कुशेश्वर सिंह, आरक्षी 331 खुर्शीद अंसारी, आरक्षी 641 अविनाश कुमार रंजन, हवलदार मनोज कुमार मेहता, आरक्षी 675 सदानंद शर्मा, चालक अजीम और आरक्षी नंदू उरांव रिजर्व गार्ड शामिल रहे.
