रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को होगा रेल जनसंवाद, यात्री सीधे अधिकारियों को बता सकेंगे अपनी समस्याएं

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 19, 2026

दक्षिण पूर्व रेलवे ने स्टेशनों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने और यात्रियों की समस्याओं को समझने के लिए खास पहल की है. इसके तहत 22 अक्टूबर 2026 को रेलवे के सभी स्टेशनों पर ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

रांची(RANCHI): दक्षिण पूर्व रेलवे ने स्टेशनों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने और यात्रियों की समस्याओं को समझने के लिए खास पहल की है. इसके तहत 22 अक्टूबर 2026 को रेलवे के सभी स्टेशनों पर ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान यात्रियों से बातचीत की जाएगी और उनकी शिकायतों और सुझावों को सुना जाएगा. इसके साथ ही स्टेशन परिसरों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा. यह पहल केंद्र सरकार के विशेष अभियान 6.0 का हिस्सा है. इसके जरिए रेलवे स्टेशनों को साफ रखने, बेकार पड़े सामान और ई-कचरे का सही तरीके से निपटान करने और स्टेशन परिसर में उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर दिया जा रहा है.

यात्रियों से सीधे बात करेंगे अधिकारी

रेल जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी यात्रियों से सीधे बातचीत करेंगे. यात्री स्टेशन पर गंदगी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और दूसरी यात्री सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रख सकेंगे. इसके अलावा रेल सेवाओं को लेकर अपने सुझाव भी दे सकेंगे.

यात्रियों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर रेलवे उन जगहों और सुविधाओं की पहचान करेगा, जहां सुधार की जरूरत है. इसका मकसद यात्रियों की परेशानी को समझकर व्यवस्था को बेहतर बनाना है.

चारों मंडलों में होगी पहल

दक्षिण पूर्व रेलवे के चारों मंडलों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारी इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, दूसरे स्टेशनों पर संबंधित विभागों के अधिकारी और स्टेशन प्रबंधक कार्यक्रम का संचालन करेंगे.

सफाई के साथ कचरे का भी होगा निपटान

रेल जनसंवाद के बाद स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. इसमें स्टेशन परिसर की सफाई के साथ बेकार पड़े सामान और ई-कचरे को हटाने पर भी ध्यान दिया जाएगा. रेलवे का प्रयास है कि स्टेशनों पर यात्रियों को साफ-सुथरा माहौल मिले और उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल हो. इस पहल में यात्रियों की भागीदारी को भी अहम माना जा रहा है.