समस्तीपुर: मॉडर्न ड्रेस और काले लिबास में सफर कर रही युवती को देखकर शायद किसी को अंदाजा भी न हो कि उसके सूटकेस में क्या छिपा है. लेकिन समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP की जांच में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया. नई दिल्ली से जयनगर जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है.
गुप्त सूचना के आधार पर RPF ने ट्रेन के H-1 यानी AC फर्स्ट क्लास कोच में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान बर्थ नंबर 07 के पास मौजूद दो यात्रियों के सामान की जांच की गई. तलाशी में दो सूटकेस मिले, जिनमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब भरी हुई थी.
बरामद शराब में VAT 69, 100 Pipers, Teacher's और Blenders Pride जैसे ब्रांड शामिल होने की बात सामने आई है. मामले में RPF ने 25 वर्षीय नेहा कुमारी, निवासी सिंघिया घाट, समस्तीपुर और 31 वर्षीय इशान कुमार, निवासी करनाल, हरियाणा को गिरफ्तार किया है.
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किसे पहुंचाया जाना था. साथ ही जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों आरोपी किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं या नहीं.
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं. ऐसे में AC फर्स्ट क्लास जैसे प्रीमियम कोच से 75 लीटर शराब की बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.
फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच जारी है. अब जांच पूरी होने पर ही सामने आएगा कि इस शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इतनी बड़ी खेप बिहार तक कैसे पहुंची.
