बोकारो: एक मां अपने बच्चे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए जितिया का 24 घंटे का निर्जला व्रत रखती है. लेकिन जिस दिन उसे व्रत का पारण करना था, उसी दिन उसके 17 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. घटना बोकारो के चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास की है, जहां चौथी मंजिल से गिरकर 17 वर्षीय शिवांश उर्फ राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
जितिया पर्व की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं. मृतक शिवांश उर्फ राहुल कुमार दसवीं की परीक्षा की तैयारी कर रहा था. वह वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था. मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर का रहने वाला उसका परिवार पिछले 10 वर्षों से बोकारो में रह रहा है. पिछले ढाई वर्षों से शिवांश अपनी मां के साथ चास के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास एक किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रहता था, जबकि उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी करने के लिए हैदराबाद में रहते हैं.
परिजनों के मुताबिक, रविवार अहले सुबह शिवांश सोकर उठा और अपनी मां से घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला. इसके बाद उसकी मां फिर से सो गई. कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि शिवांश चौथी मंजिल से नीचे गिर गया है.
मृतक के मौसा प्रबल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी ने फोन कर राहुल के छत से गिरने की जानकारी दी. उन्हें लगा कि राहुल घायल हुआ होगा और अस्पताल में भर्ती होगा, लेकिन मौके पर पहुंचने पर मकान मालिक ने उसकी मौत की खबर दी. उन्होंने बताया कि शिवांश बेहद शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था.
वहीं, पड़ोसी राजेश के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े पांच बजे जोरदार आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वह अपनी पत्नी के साथ बाहर निकले. घर का गेट खोलने पर एक युवक लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला. इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई.
घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. एसएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि बच्चा मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था. कल रात मां का मोबाइल जमीन में फेंक दिया. इसके बाद वह गुस्से में आकर इस तरह काका दम उठाया है.
