जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में पुलिस के खिलाफ बढ़े जनाक्रोश का असर अब ट्रैफिक व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है. पिछले तीन दिनों से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित वाहन जांच अभियान पूरी तरह बंद है. गुरुवार को भी किसी प्रमुख स्थान पर वाहन चेकिंग नहीं की गई. साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर थाना के पास, खरकई पुल, गोलमुरी चौक, जुगसलाई थाना, मरीन ड्राइव गोलचक्कर, अपेक्स अस्पताल के समीप, मानगो चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस रोजाना हेलमेट चेकिंग अभियान चला रही थी. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला जाता था. लेकिन मंगलवार से इन सभी स्थानों पर जांच अभियान पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है. जानकारी हो कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई थी. प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा था.
सूत्रों की मानें तो मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को फिलहाल नियमित जांच अभियान से हटाया गया है. इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, कुछ ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने कहा कि जांच बंद रखने का आदेश ऊपर से है. इधर, शहर में लगातार तीसरे दिन ट्रैफिक चेकिंग बंद रहने से वाहन चालकों के बीच भी इसको लेकर चर्चा बनी हुई है.
