पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले- समाज के सभी वर्गों को सम्मान और अधिकार देना सरकार का काम

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 8, 2026

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दिल्ली से पटना पहुंचे. पटना पहुंचने के बाद पत्रकारों ने उनसे बिहार के सभी जिलों में स्वर्ण समुदाय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने को लेकर सवाल किया. इस पर ललन सिंह ने बिहार सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए इसे अच्छी पहल बताया.

पटना (PATNA) : केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दिल्ली से पटना पहुंचे. पटना पहुंचने के बाद पत्रकारों ने उनसे बिहार के सभी जिलों में स्वर्ण समुदाय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने को लेकर सवाल किया. इस पर ललन सिंह ने बिहार सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए इसे अच्छी पहल बताया.

सभी वर्गों को सम्मान मिलना चाहिए

ललन सिंह ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को सम्मान मिलना चाहिए और उन्हें उनका अधिकार देना सरकार की जिम्मेदारी है. सरकार का काम है कि वह बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के हित और अधिकार का ध्यान रखे. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति यानी SC-ST समुदाय के लोगों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का ध्यान रखना भी जरूरी है. उन्हें कानून के तहत मिलने वाले अधिकार और संरक्षण मिलते रहने चाहिए.इसके साथ ही उन्होंने SC-ST एक्ट को लेकर भी अपनी बात रखी.

सरकार सभी वर्गों का ध्यान रख रही है

ललन सिंह ने कहा कि SC-ST एक्ट का दुरुपयोग नहीं हो. इस बात का भी सरकार को ध्यान रखना चाहिए. कानून का उद्देश्य लोगों को सुरक्षा और न्याय देना है. इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि कानून का गलत इस्तेमाल न हो. उन्होंने बिहार सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों का ध्यान रख रही है. हर वर्ग को सम्मान और अधिकार मिले इसके लिए सरकार को काम करना चाहिए.

सरकार का यह फैसला सही 

ललन सिंह का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब बिहार के जिलों में स्वर्ण समुदाय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने को लेकर चर्चा हो रही है. पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सरकार का यह फैसला सही है और समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए.